नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को 62,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों की शुरुआत करेंगे। पीएमओ के अनुसार यह पहल शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता को निर्णायक बढ़ावा देने वाली ऐतिहासिक योजना है।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर 60,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ केंद्र प्रायोजित योजना पीएम-सेतु (प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन) का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत देश के 1,000 सरकारी आईटीआई को ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल में उन्नत किया जाएगा। इसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे। ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के तहत प्रत्येक हब औसतन चार स्पोक आईटीआई से जुड़ा रहेगा और आधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल शिक्षण, इनक्यूबेशन केंद्र, उत्पादन इकाइयां और प्लेसमेंट सेवाएं प्रदान करेगा।
पीएम-सेतु के पहले चरण में बिहार के पटना और दरभंगा में विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री 400 नवोदय विद्यालयों और 200 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी करेंगे। ये प्रयोगशालाएं छात्रों को आईटी, ऑटोमोटिव, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन जैसे 12 उच्च मांग वाले क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगी।
इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी बिहार की संशोधित “मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना” की शुरुआत करेंगे। योजना के तहत हर साल लगभग पांच लाख स्नातकों को दो साल तक 1,000 रुपये मासिक भत्ता और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, “बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड” योजना के तहत चार लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त शिक्षा ऋण उपलब्ध होगा।
युवा सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री बिहार युवा आयोग का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे। यह आयोग 18 से 45 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए बनाया गया है और इसका उद्देश्य राज्य की युवा आबादी की क्षमता का उपयोग करना है।
बिहार में प्रधानमंत्री जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, जय प्रकाश विश्वविद्यालय और नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय में नई शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं की आधारशिला रखेंगे। कुल 160 करोड़ रुपये की लागत वाली ये परियोजनाएं 27,000 से अधिक छात्रों को आधुनिक शिक्षा और अनुसंधान के अवसर प्रदान करेंगी।
एनआईटी पटना के बिहटा परिसर का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री लगभग 6,500 छात्रों की क्षमता वाले परिसर में 5जी यूज केस लैब, इसरो सहयोग से क्षेत्रीय अंतरिक्ष शैक्षणिक केंद्र और नवाचार एवं इनक्यूबेशन केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
साथ ही, मोदी बिहार सरकार में 4,000 से अधिक नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। ये सभी पहलकदमी बिहार की युवा जनसांख्यिकी और कौशल विकास में नए अवसरों की लहर लाएंगी।
इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि राज्य और केंद्र सरकारें मिलकर युवाओं को रोजगार, कौशल और शिक्षा के नए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।











