ऋषिपंचमी पर हजारों महिलाओं की सप्तर्षियों की आराधना
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। भाद्रपद शुक्ल पंचमी यानी ऋषिपंचमी के पावन अवसर पर जिले की काशी कहे जाने वाले पवित्र तीर्थक्षेत्र पेंच नदी के किनारे स्थित घोघरा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सप्तर्षियों के पूजन और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं से समूचा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और यहां भव्य मेले जैसा स्वरूप नजर आया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऋषिपंचमी के दिन देव-देवताओं के स्थान पर सप्तर्षियों की पूजा की जाती है। महिलाओं ने पवित्र नदी में स्नान कर व्रत कथा सुनी और पुरोहितों के सानिध्य में उद्यापन अनुष्ठान पूर्ण किए। मंदिर परिसर में अनेक पंडितों ने अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं से विधि-विधानपूर्वक उद्यापन कराया, वहीं गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। बाबा मठ मंदिर में अनेक भक्त बंधुओं द्वारा उपवासरत महिला श्रद्धालुओं के लिए फलाहार एवं साबुदाना खिचड़ी व उपवास मत्री का वितरण किया गया।
पुलिस, नगर प्रशासन और आपदा प्रबंधन पूरी तरह मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी संख्या और पेंच नदी तट पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। तहसीलदार सुरेश वाघचौरे के मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन टीम ने नदी के गहरे पानी में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए लाल झंडे लगाए। साथ ही रबर बोट, लाइफ जैकेट और तैराकों के साथ त्वरित सहायता केंद्र सक्रिय रखा गया। पुलिस निरीक्षक किशोर शेरकी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विशाल डोणेकर व पुलिस बल, होमगार्ड और शासकीय कर्मियों द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वाहनों की पार्किंग गांव से बाहर तय की गई।














