नोएडा। दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे। बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके के कारण आग लगी। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पंजीकरण संख्या बीआर 32 पीए 8647 वाली बस नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी, तभी जेवर थाने इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर उसमें आग लग गई।
कुमार ने कहा, सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिसकर्मी, बचावकर्मी, जेवर टोल प्लाजा पर तैनात एक दमकल गाड़ी और चार अन्य दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझायी। उन्होंने बताया, इस अभियान के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया। जब पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मचारी धुएं के बीच बस के अंदर घुसे, तो वहां नौ लोग मृत पाए गए। ऐसा लगता है कि उनकी मौत जलने या दम घुटने से हुई थी। कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके की वजह से इंजन के ‘लुब्रिकेंट ऑयल’ में आग लग गई होगी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अजीत कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुई। उन्होंने कहा, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बस में 35 यात्री सवार थे और इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को विशेष वाहन से महोबा ले जाया गया। उन्होंने बताया, करीब 15 लोगों को विशेष वाहन से महोबा भेजा गया, जबकि कुछ लोग निजी वाहनों से चले गए।














