सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज , पिस्तौल दिखाकर 50 हजार रुपये भी छीने
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। न्यूज चैनल में पार्टनरशिप देने का झांसा देकर मेडिकल व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये लेने और बाद में पिस्तौल दिखाकर धमकाने का मामला सीताबर्डी थाना क्षेत्र में सामने आया है। इस मामले में सीताबर्डी पुलिस ने प्रमोद भागचंदानी (जरीपटका), निजी न्यूज चैनल के संचालक रितेश बोरकर सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भागचंदानी के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों में रितेश बोरकर (पांचपावली), विजय खवसे, रिंकू पानतावणे (अजनी), उमेश यादव, सुजीत भोयर (दोनों जुनी कामठी) और सुनील मांगलकर (वाड़ी) का समावेश है।
पुलिस के अनुसार, गणेशपेठ निवासी निशांत प्रमोद गुप्ता का सेंट्रल एवेन्यू रोड पर मेडिकल स्टोर है। वर्ष 2024 में उनकी ‘महा न्यूज 7’ नामक निजी न्यूज चैनल के संचालक रितेश बोरकर से पहचान हुई। चैनल के विस्तार के लिए निवेशक की जरूरत होने की बात कहकर बोरकर ने गुप्ता को पार्टनरशिप में निवेश करने के लिए तैयार किया। इसके बाद जून से नवंबर 2024 के बीच गुप्ता ने नकद, ऑनलाइन लेनदेन और बैंक ट्रांसफर के जरिए करीब 20 लाख रुपये बोरकर की कंपनी के खाते में जमा किए। हालांकि, तय होने के बावजूद पार्टनरशिप का करारनामा नहीं किया गया। इसके बाद गुप्ता ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की।
आरोप है कि 15 मई 2025 को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच बोरकर ने गुप्ता को सीताबर्डी स्थित ‘महा न्यूज 7’ के कार्यालय में बुलाया। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान प्रमोद भागचंदानी ने कमर से पिस्तौल निकालकर गुप्ता को धमकाया। रिंकू पानतावणे ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। धमकाकर गुप्ता की जेब से 50 हजार रुपये जबरन निकाल लिए गए। वहीं, विजय खवसे ने मारपीट करते हुए उनकी जेब में एमडी पाउडर की पुड़िया डालकर उन्हें नशीले पदार्थ के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। गुप्ता की शिकायत के आधार पर सीताबर्डी पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।












