1,702 सार्वजनिक, 2 लाख घरेलू गणेश प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, 6400 पुलिसकर्मी तैनात, 2858 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। गणेशोत्सव विसर्जन जुलूस के मद्देनजर नागपुर पुलिस ने शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में 1,702 सार्वजनिक गणेश मंडलों और लगभग 2 लाख 4 हजार घरेलू गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 6,400 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। विसर्जन के दिन, कमांड कंट्रोल सेंटर से 2,858 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों की निगरानी की जाएगी। ड्रोन के जरिए भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी। इस वर्ष सार्वजनिक गणेश मंडलों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 140 अधिक है। पुलिस ने विसर्जन जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले सीताबर्डी रोड, फुटाला रोड, कोराडी रोड, इतवारी रोड, महल, जाफरनगर, कॉटन मार्केट, गांधी नगर क्षेत्र और भांडेवाडी जैसे इलाकों में भारी भीड़ की संभावना जताई है।
प्रमुख विसर्जन स्थल : नगर निगम द्वारा निर्मित कृत्रिम तालाबों के साथ-साथ गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली तालाब, नंदा कोराडी, कच्चीविसा और महादेव घाट सहित प्रमुख स्थानों पर गणेश विसर्जन की व्यवस्था की गई है। कुछ गणेश मंडलों ने अपनी नियमित शोभायात्राओं का मार्ग बदल दिया है। कुछ मंडल कोराडी झील के बजाय गोरेवाड़ा झील और पुलिस लाइन टाकली झील में अपनी प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे।













