शरद पवार का मुख्यमंत्री को पत्र, किसानों को राहत देने के लिए कीं 17 मांगें
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र में उत्पन्न हुई गंभीर सूखे की स्थिति की पृष्ठभूमि में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर राज्य सरकार से 17 प्रमुख मांगें की हैं। सूखे में झुलस रहे किसान, खेत मजदूर और ग्रामीण नागरिकों को तत्काल राहत देने के लिए सरकार तत्काल उपाय करे, ऐसी ठोस मांग उन्होंने की है। साथ ही सूखे के गंभीर विषय पर विस्तृत चर्चा करने के लिए विधानमंडल का 3 दिनों का विशेष अधिवेशन बुलाया जाए, ऐसा आग्रह भी शरद पवार ने किया है।
शरद पवार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पत्र की जानकारी साझा करते हुए कहा कि, महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त किसानों, खेत मजदूरों और नागरिकों को तत्काल राहत मिलना जरूरी है। इस संकट पर गंभीरता से विचार करके सरकार दशहरा-दिवाली से पहले सहायता उनके खातों में जमा करे। शरद पवार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि, सूखे की विभिन्न समस्याओं का व्यापक समाधान निकालने के लिए विधानमंडल का 3 दिनों का विशेष अधिवेशन बुलाया जाना चाहिए।













