विप चुनाव : भाजपा ने जारी की सूची, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवारी
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र विधानपरिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए भाजपा ने रविवार को तीन उम्मीदवारों की घोषणा की। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. स्मिता जाधव, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक सुधाकर कोहले, जबकि पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाया गया है। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। विधानपरिषद के पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। कांग्रेस द्वारा तीन उम्मीदवारों की सूची घोषित करने के बाद भाजपा ने भी रविवार को तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।
इस बीच, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट को लेकर महायुति में मतभेद पैदा होने की चर्चा है। इस सीट के लिए शिवसेना आग्रही थी। शिवसेना की ओर से मंगेश चिवटे इच्छुक थे। हालांकि, भाजपा ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद महायुति में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद होने की चर्चा शुरू हो गई है।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को उम्मीदवार घोषित किया है। कोहले नागपुर महानगरपालिका के पूर्व नगरसेवक हैं और उन्होंने महानगरपालिका में जलापूर्ति सभापति के रूप में भी काम किया है। 2014 में पूर्व नागपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उन्होंने कांग्रेस नेता सतीश चतुर्वेदी को हराया था। हालांकि, 2024 में पश्चिम नागपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कोहले की कांग्रेस के मौजूदा विधायक अभिजीत वंजारी से टक्कर होगी। 2020 के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को हराया था।
वहीं पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने डॉ. स्मिता योगेश जाधव को उम्मीदवार बनाया है। जाधव के सामने महाविकास आघाडी में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी के मौजूदा पूर्व विधायक अरुण लाड चुनाव लड़ेंगे। इसलिए पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा बनाम राष्ट्रवादी कांग्रेस का मुकाबला होगा। डॉ. स्मिता जाधव शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं और उनके पास पीएच.डी. (एजुकेशन), एमबीए और बीई (कंप्यूटर्स) जैसी शैक्षणिक डिग्रियां हैं।












