नई दिल्ली। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल और प्रियंका गांधी ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया। निर्वाचन आयोग मामले में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों को बुधवार को बीच में ही रोक दिया गया और इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी और कुछ अन्य नेताओं को एक टेम्पो ट्रैवलर में बिठाकर ले जाया गया। राहुल गांधी को हिरासत में लिये जाने के बाद कई कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रैवलर की छत चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। मौके पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच काफी देर तक नारेबाजी होती रही। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सुरक्षाबलों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। (
हर प्राथमिकी मेरे सीने पर एक ‘मेडल’ है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि उनके खिलाफ दर्ज हर प्राथमिकी उनके लिए एक ‘मेडल’ है और संविधान की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल उनके खिलाफ 45 प्राथमिकी दर्ज है और उनका लक्ष्य इस संख्या के 100 तक पहुंचाने का है। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हर एफआईआर मेरे सीने पर एक मेडल है।’ उन्होंने कहा, ‘अभी 45 हैं, मेरा लक्ष्य 100 है – तब भी संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।’















