22 लाख का स्टॉक जब्त, एनटीएफ और एफडीए की संयुक्त कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री और नशीले पदार्थों के रूप में दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए मादक पदार्थ विरोधी टास्क फोर्स (एनटीएफ) और अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने संयुक्त कार्रवाई की। बुधवार को जागनाथ बुधवारी और वाथोडा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 22 लाख 3 हजार 744 रुपये का औषधि स्टॉक जब्त किया गया।
केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर 1 से 15 अक्टूबर तक शहर की मेडिकल दुकानों और फार्मेसी की संयुक्त जांच मुहिम चलाई जा रही है। इसी के तहत एनटीएफ के पुलिस अधीक्षक अजित टिके के मार्गदर्शन में टीम ने जागनाथ बुधवारी स्थित भारत माता चौक के पास ‘फोनेक्स मेडीक्राफ्ट’ मेडिकल स्टोर की जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक के पास दवाओं की बिक्री का आवश्यक लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद दुकान में मौजूद दवा स्टॉक जब्त कर लिया गया।
इसके बाद टीम ने वाथोडा स्थित ‘शंकर फार्मेसी’ पर छापा मारकर दवा बिक्री से संबंधित जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड्स की जांच की। आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं होने के कारण दुकान का लाइसेंस रद्द करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में एनटीएफ और एफडीए के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की टीम शामिल रही। दोनों दुकानों से कुल 22.03 लाख रुपये का दवा स्टॉक जब्त किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई अन्न व औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की जा रही है।













