नागपुर। रिश्तेदार के परिवार में सगाई (साक्षगंध) समारोह की तैयारी के लिए घर लौट रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे बजाज नगर थाना क्षेत्र के तात्या टोपे नगर से खामला चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने हुआ। मृतक की पहचान सुरेंद्र नगर निवासी विजय विठ्ठल गुहाडे (75) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, विजय गुहाडे सुबह अपने रिश्तेदार के परिवार में आयोजित सगाई समारोह की तैयारियों के सिलसिले में स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र की ओर से खामला चौक की तरफ जा रही ग्रैंड विटारा कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जाता है कि ये सड़क पार कर सुरेंद्र नगर की दिशा में जा रहे थे। हादसे के समय कार विक्रम चांदरतन लखोटिया (28) चला रहा था, जो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बताया गया है।
दुर्घटना के बाद कार चालक ने घायल बुजुर्ग की मदद की और उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद विजय गुहाडे को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने के कारण बुजुर्ग की मौत होने के मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
नागपुर। गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के गंगा नगर स्थित बुधवार बाजार चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को सुबह करीब 4:30 बजे फरियादी प्रियांशु प्रकाश भटकर (23), निवासी कोलबा स्वामी सोसायटी, गंगा नगर, गिट्टीखदान, नागपुर के मामा अपनी दोपहिया वाहन से काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के गंगा नगर स्थित बुधवार बाजार चौक पर किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में शिकायतकर्ता अनिकेत विजय वानखेडे (33), निवासी धैर्यशील सोसायटी, प्लॉट नंबर 56, डाभा, गिट्टीखदान, नागपुर की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1), 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134 और 177 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक सचिन खुटवड मामले की जांच कर रहे हैं।















