मंथन : उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन करेंगे उद्घाटन, महिला शिक्षा, नेतृत्व और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर देशभर के विशेषज्ञ रखेंगे विचार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महिलाओं के उच्च शिक्षा में बढ़ते अवसर, नेतृत्व क्षमता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तीकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से महाराष्ट्र में पहली बार ‘स्वयंसिद्धा राष्ट्रीय परिषद 2026–VIJAYA: A Journey of Empowerment through Education’ का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की ओर से 25 और 26 नवंबर को नागपुर के नेशनल फायर सर्विस कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद आयोजित होगी। परिषद का उद्घाटन 25 नवंबर को सुबह 10 बजे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के हाथों होगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में नागपुर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर सहित देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
महिला सशक्तीकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा
दो दिनों तक चलने वाली इस परिषद में महिला शिक्षा, नेतृत्व, सुरक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार, डिजिटल साक्षरता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। देशभर के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, कानून विशेषज्ञ, शोधकर्ता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। पहले दिन उच्च शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व, महिला सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, तकनीक और अनुसंधान तथा आर्थिक सशक्तीकरण एवं उद्यमिता जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महाराष्ट्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की ओर से महिला सशक्तीकरण के लिए अपनाई गई उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
दूसरे दिन संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन
26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर की अध्यक्षता में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षा के माध्यम से नेतृत्व और आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण एवं आदिवासी महिलाओं को उच्च शिक्षा, महिला नेतृत्व, प्रशासन और सामाजिक परिवर्तन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। परिषद में युवतियों को भी अपनी समस्याएं, अनुभव और अपेक्षाएं रखने का अवसर मिलेगा। ‘100 Voices of Young Women’ सत्र के माध्यम से युवा महिलाओं की आवाज को नीति निर्माण तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
महाराष्ट्र-विजया नीति प्रारूप होगा प्रस्तुत
परिषद के अंतिम चरण में ‘स्वयंसिद्धा पॉलिसी लैब : महाराष्ट्र–VIJAYA’ प्रारूप प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें विभिन्न सत्रों से प्राप्त सुझावों और सिफारिशों को एकत्रित कर महिला उच्च शिक्षा, नेतृत्व, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए भविष्य की नीतिगत दिशा तय करने पर विचार किया जाएगा। समापन समारोह में महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को ‘चेंजमेकर रिकग्निशन’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
20 संस्थाओं का विशेष ‘ऑपरच्युनिटी पवेलियन’
परिषद का विशेष आकर्षण ‘ऑपरच्युनिटी पवेलियन’ रहेगा। 25 और 26 नवंबर को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक आयोजित इस प्रदर्शनी में करीब 20 सरकारी विभाग और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इसमें जिला विधि सेवा प्राधिकरण, नागपुर पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक, एमएसएमई, इंडिया पोस्ट, सामाजिक न्याय विभाग और नागपुर विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर सहित विभिन्न संस्थाएं शामिल होंगी। प्रदर्शनी में महिलाओं को सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता, वित्तीय सेवाओं, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इस राष्ट्रीय परिषद का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।















