बिम्स्टेक देशों की बैठक में बोले अमित शाह
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन’ गृहमंत्रियों की बैठक में आतंकवाद पर सख्त प्रतिक्रिया दी। अमित शाह ने कहा कि ड्रग्स के पैसों का इस्तेमाल आतंकी फंडिंग के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ बेहद सख्त है और जीरो टॉलरेंस की रणनीति रखता है। अमित शाह ने कहा, आज की यह पहली बैठक में उपस्थित सभी सम्मानीय मंत्रीगण, प्रतिष्ठित प्रतिनिधिगण, प्रथम बिम्स्टेक गृह मंत्री स्तर की बैठक की मेजबानी करना भारत के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य की बात है। बिम्स्टेक क्षेत्रीय एकीकरण आर्थिक सहयोग और सामूहिक सुरक्षा का एक प्रकार से अनिवार्य मंच बन गया है। आज भारत वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। हम शांति सह अस्तित्व और मानव कल्याण के प्रति हमेशा से प्रतिबद्ध रहे हैं आज भी हैं।













