मोदी नहीं जाएंगे कहने वाले शख्स की कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की पिटाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
पटना। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पटना के बापू सभागार में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान खड़गे केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रहे थे। इसी बीच भीड़ से एक शख्स ने टोकते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, सरकार नहीं हटेगी।
इस बात पर भड़के मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंच से दो-तीन बार दोहरा दिया कि मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा। इस तीखे बयान के बाद वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की जमकर पिटाई कर दी। कार्यक्रम में खड़गे प्रधानमंत्री मोदी के जेल जाने की बात कह रहे थे। तभी भीड़ में मौजूद संतोष कुमार ने कथित तौर पर कहा कि मोदी नहीं जाएंगे। इस पर खड़गे ने पलटकर जवाब दिया, मोदी का बाप भी जाएगा। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने संतोष कुमार को घेर लिया, जमीन पर गिराया और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि संतोष कुमार ने बाद में सफाई दी कि उनकी बात को गलत समझा गया। उनका कहना था कि वह कह रहे थे कि विद्रोह के बिना मोदी नहीं जाएंगे। उनके मुताबिक, वह यह कहना चाह रहे थे कि विद्रोह नहीं होगा तो मोदी जेल नहीं जाएंगे, लेकिन उनकी अधूरी बात सुनकर गलतफहमी हो गई।
मेरी बात को गलत समझ लिया गया
हंगामे के बाद जिस शख्स की पिटाई की गई थी, उसका नाम संतोष कुमार सामने आया। बाहर आने के बाद संतोष कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया था। उनका कहना था कि वे असल में यह कह रहे थे कि जब तक देश में बड़ा विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सत्ता से नहीं जाएंगे।














