महापौर ने तैयारियों का लिया जायजा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। उत्तर भारतीयों का धार्मिक त्योहार छठ पूजा नागपुर में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। अंबाझरी तालाब के घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्ध्य देते हैं। इस महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए दी जाने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भूमिपूजन गुरुवार को महापौर नीता ठाकरे ने किया। इस अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड़, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, धरमपेठ जोन सभापति धनश्री देशपांडे, नगरसेवक अभिजीत झा, उपायुक्त राजेश भगत, सहायक आयुक्त राजकुमार मेश्राम, कार्यकारी अभियंता मनोज गद्रे, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
महापौर ने बताया कि छठ पूजा के दिन सुबह के समय तालाब पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होगी इसलिए आवश्यक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। छठ पूजा के अवसर पर मनपा सुरक्षा के लिए अंबाझरी, फुटायला और गोरेवाडा तालाब पर बैरिकेडिंग, पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था, सार्वजनिक घोषणाओं के लिए लाउडस्पीकर प्रणाली, स्वागत कक्ष, श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना हेतु अस्थायी सुरक्षित घाटों का निर्माण आदि की व्यवस्था करेगी। छठ पूजा उत्सव के प्रबंधन के लिए मनपा निधि का प्रावधान करती है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग की आपातकालीन प्रणाली तैयार रहेगी, मनपा स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर आशीष पांडे, सत्येंद्र प्रसाद सिंह, प्रो. बच्चू पांडे, राजेंद्र कुमार पांडे, संत लाला यादव, नीतीश सिंह, केशव निखार, सौरभ झा और अन्य उपस्थित थे।














