स्वयंसेवक आरएसएस की पहचान : भागवत
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि संघ के प्रचारकों और स्वयंसेवकों का निस्वार्थ एवं समर्पित जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके कार्यों से लोगों को देश और दुनिया की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा मिलनी चाहिए। संघ की सौ वर्षों की यात्रा किसी की कृपा से नहीं, बल्कि हजारों प्रचारकों के निरंतर त्याग, समय और समर्पण के बल पर पूरी हुई है। संघ का मूल कार्य मनुष्य निर्माण पद्धति है, जिसके माध्यम से व्यक्ति का विकास कर समाज और देश को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है।
प्र प्रचारकों का निस्वार्थ जीवन समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत
भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक बैंक भवन के उद्घाटन और संघ प्रचारकों के जीवन एवं योगदान पर आधारित पुस्तक के विमोचन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, श्याम हरकरे, बैंक अध्यक्ष विधायक संजय भेंडे, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रचारक बिना किसी स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत अपेक्षा के अपना पूरा जीवन संगठन को समर्पित कर देते हैं। उनकी प्रतिबद्धता स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा के साथ-साथ संगठन को मजबूती देने वाला स्थिर आधार भी बनती है। भागवत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक निस्वार्थता के प्रतीक हैं। वे स्वयं के लिए कोई अपेक्षा नहीं रखते। संघ का कार्य मनुष्य निर्माण की पद्धति है। प्रचारक और स्वयंसेवक स्वयं को विकसित करने और अपना जीवन समाज को समर्पित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रचारक भी सामान्य इंसान की तरह ही होता है, लेकिन उसकी शक्ति का स्रोत उसका पूर्ण समर्पण है। वह अपनी निजी इच्छाओं को भी संगठन के उद्देश्य के लिए समर्पित कर देता है। संगठन उसे जहां और जिस जिम्मेदारी के लिए भेजता है, वह बिना किसी सवाल के वहां जाकर काम करता है। उसके जीवन का एकमात्र उद्देश्य संघ की सेवा करना होता है।
जब मुस्लिम ने किया था संघ का बचाव
सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ के शुरुआती इतिहास का एक रोचक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि 1930 के दशक में जब मध्य प्रांत विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब इब्राहिम नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने संगठन का बचाव करते हुए उसे गैर-सांप्रदायिक बताया था। भागवत ने कहा कि उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक विधानसभा में मौजूद नहीं था। ऐसे में इब्राहिम ने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का हवाला देते हुए कहा कि वे अच्छे इंसान हैं और संघ सांप्रदायिक संगठन नहीं हो सकता।
संघ का मूल कार्य ‘मनुष्य निर्माण पद्धति’ पर आधारित
संघ प्रमुख ने कहा कि प्रचारक अपना पूरा जीवन संगठन को देने के बावजूद किसी प्रकार की पहचान, कृतज्ञता या पुरस्कार की अपेक्षा नहीं करते। उनके कार्य के बदले में कुछ नहीं मिलता। कुछ लोग अपने समय का एक हिस्सा संघ कार्य के लिए देते हैं, जबकि कुछ अपना पूरा जीवन इसी काम के लिए समर्पित कर देते हैं।















