साइबर ठगों पर सीजेआई सूर्यकांत की सख्त टिप्पणी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत की तरफ से कुछ समय पहले दिए गए कॉकरोच वाले बयान पर देशभर में खूब बवाल हुआ था। अब सीजेआई ने बुधवार को एक मामले की सुनवाई करते हुए फिर से एक ऐसा ही बयान दे दिया है। सीजेआई एक आरोपी की जमानत याचिका को खारिज करते हुए कहा कि तुम लोग परजीवी हो, तुम्हारा जेल में रहना ही समाज के लिए बेहतर है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई कर रही थी।
इस दौरान सीजेआई आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी परजीवी हैं, जो लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करते हैं, उन्हें धोखा देते हैं और उन्हें पकड़ना भी मुश्किल होता है। ऐसे अपराधियों का जेल की सलाखों के पीछे रहना ही समाज के हित में है। देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने मामले की सुनवाई के दौरान साइबर अपराध के मामलों पर चिंता जताई और साथ ही-साथ आरोपी को कड़ी फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा, तुम लोग परजीवी हो, जो निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगते हो। साइबर अपराधियों के प्रति हमें बहुत सख्त होना ही पड़ेगा। तुम लोग किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहते। तमिलनाडु में किसी से फ्रॉड करते हो और फिर से वहां से जम्मू चले जाते हो। समाज का भला इसी में है कि तुम जैसे लोग जेल की सलाखों के भीतर ही बंद रहें। इससे पहले सीजेआई सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान भी इसी तरह की टिप्पणी कर दी थी, जहां उन्होंने कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से कर दी थी।











