स्वच्छता सर्वेक्षण में सूरत दूसरे स्थान पर, राजस्थान में जयपुर और मध्य प्रदेश में ग्वालियर सबसे स्वच्छ शहर
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है. इसके बाद सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा. वहीं, 3 से 10 लाख की आबादी वाली श्रेणी में उज्जैन सबसे स्वच्छ शहर चुना गया. इसके बाद चंडीगढ़ और गुंटूर का स्थान रहा. हालांकि, पिछले आठ वर्षों से देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल करने वाला इंदौर इस साल शीर्ष शहरों की सूची में जगह नहीं बना सका. मैंटर सिटी श्रेणी में अहमदाबाद को पहला, इंदौर को दूसरा और तिरुपति को तीसरा स्थान मिला. स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत इनके साथ क्रमशः साणंद, देपालपुर और कुप्पम को मैंटी सिटी बनाया गया था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए. मध्य प्रदेश का रीवा सबसे स्वच्छ रिवरफ्रंट शहरों की श्रेणी में पहले स्थान पर रहा, जबकि बिलासपुर और वाराणसी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम सबसे स्वच्छ शहर बना. इसके बाद जबलपुर और लखनऊ का स्थान रहा. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार, स्वच्छ तटीय शहरों की श्रेणी में पुरी पहले स्थान पर रहा. इसके बाद केरल का अलपुष्पा और महाराष्ट्र का रत्नागिरी दूसरे स्थान पर रहे. केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्तराखंड का रुद्रपुर सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर बना, जबकि जम्मू को दूसरा स्थान मिला.

















