3 गिरफ्तार, 1 किलो गांजा और 10 ग्राम एमडी जप्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हुड़केश्वर पुलिस ने दिघोरी चौक स्थित सर्वश्री नगर के एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी किराए का कमरा लेकर रह रहे थे और इसी ठिकाने से नागपुर में एमडी और गांजे की तस्करी का कारोबार संचालित कर रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक किलो गांजा और 10 ग्राम एमडी बरामद की है. जप्त नशीले पदार्थों और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सर्वश्री नगर स्थित आवेषी अपार्टमेंट में कुछ लोग किराए का कमरा लेकर रह रहे हैं और वहां से शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने अपार्टमेंट में दबिश दी. तलाशी के दौरान पार्किंग परिसर से गांजा और एमडी बरामद हुई. इस कार्रवाई में पुलिस ने महबूब खान (47), निवासी सर्वश्री नगर, राजिक अली (28), निवासी आजाद कॉलोनी, बड़ा ताजबाग और पोटोला राजकरण राजू (21), निवासी हैदराबाद को गिरफ्तार किया है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नशे की खेप हैदराबाद से नागपुर लाई गई थी. आरोपी किराए के कमरे की आड़ में शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे. अब पुलिस इस नेटवर्क के पीछे सक्रिय सप्लायरों और नागपुर में नशे का कारोबार करने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
















