फरार भाजपा मंडल अध्यक्ष गजानन गुडधे ने किया आत्मसमर्पण
लोकवाहिनी संवाददाता
चंद्रपुर। नाबालिग लड़की से कथित यौन शोषण के मामले में फरार चल रहे भाजपा के चिमूर मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच गजानन गुडधे ने आखिरकार गुरुवार सुबह चिमूर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। उनके खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने वरोरा न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटनाक्रम से चिमूर तहसील का राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है।
जानकारी के अनुसार, चिमूर तहसील के एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन शोषण के आरोप में 4 नवंबर को गजानन गुडधे के खिलाफ चिमूर थाने में पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से गुडधे फरार थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इसी बीच उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए वरोरा न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की। हालांकि, बुधवार को अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद गुरुवार सुबह उन्होंने चिमूर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
इस मामले को लेकर चिमूर तहसील में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तनाव भी देखने को मिला। महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस की महासचिव शिवानी वडेट्टीवार सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रामक रुख अपनाया था। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के मौजूदा विधायक कीर्तिकुमार भांगड़िया से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर विधायक के निवास के सामने आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई थी। इस घटनाक्रम के चलते मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था।
पीड़िता और परिजनों के नए बयान से बढ़ी उलझन इस मामले में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया था। एफआईआर दर्ज होने के महज चार दिन बाद पीड़िता और उसके माता-पिता ने पुलिस के सामने दोबारा बयान दर्ज कराया था। बताया गया कि नए बयान में पीड़िता और उसके परिजनों ने ऐसी कोई घटना नहीं होने तथा मूल शिकायत राजनीतिक दबाव में दर्ज कराए जाने की बात कही थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
एक तरफ मूल शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप, दूसरी तरफ पीड़िता और उसके परिजनों के नए बयान तथा अब आरोपी का आत्मसमर्पण, इन सभी घटनाक्रमों ने मामले को पेचीदा बना दिया है। गजानन गुडधे के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस जांच की दिशा महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस को मूल शिकायत, पीड़िता के दोनों बयानों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी होगी। साथ ही शिकायत राजनीतिक दबाव में दर्ज कराए जाने के दावे की भी जांच जरूरी होगी। अब इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और जांच में कौन से तथ्य सामने आते हैं, इस पर चिमूर सहित पूरे चंद्रपुर जिले की नजर बनी हुई है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

















