कोकण सिंचाई विकास महामंडल के कार्यकारी निदेशक पद पर नियुक्ति — जलविज्ञान और बांध सुरक्षा के अनुभव का मिलेगा लाभ
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र शासन ने जलसंसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा मुख्य अभियंता जलविज्ञान एवं बांध सुरक्षा, नासिक के मुख्य अभियंता सुदर्शन साहबराव पगार को स्थापत्य समूह-अ राजपत्रित संवर्ग से सचिव एवं सचिव समकक्ष दर्जे के कार्यकारी निदेशक/महानिदेशक संवर्ग में पदोन्नति दी है। शासन के आदेशानुसार उनकी नियुक्ति कार्यकारी निदेशक, कोंकण सिंचाई विकास महामंडल, ठाणे के महत्वपूर्ण पद पर की गई है। उनकी नियुक्ति से कोंकण क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाओं, बांध प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण के कार्यों को अधिक गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। सुदर्शन पगार ने बी.ई. (सिविल इंजीनियरिंग) की शिक्षा पूर्ण करने के बाद जलसंसाधन विभाग में अपनी सरकारी सेवा की शुरुआत की। अभियंता के रूप में उन्होंने परभणी, नांदेड़ विभाग की कई परियोजनाओं पर कार्य किया।
कृष्णा मराठवाड़ा लिफ्ट इस महत्वपूर्ण परियोजना में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। धाराशिव सिंचाई मंडल में उन्होंने अधीक्षक अभियंता के रूप में कार्य किया। सीडीओ में उनके द्वारा किए गए कार्यों का अनुभव अन्य परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ है। उन्होंने मंत्रालय में डेप्युटी सेक्रेटरी के पद पर भी कार्य किया है। उन्होंने तकनीकी कौशल, नियोजन क्षमता और प्रशासनिक नेतृत्व की छाप छोड़ी। जलसंपदा क्षेत्र की विभिन्न जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल में लगातार परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित की। दिसंबर 2015 में उन्हें कार्यकारी अभियंता पद से अधीक्षक अभियंता के रूप में पदोन्नति मिली।












