कॉजपा फिलहाल दबाव बनाने वाले समूह के रूप में काम करेगी
लोकवाहिनी, संवाददाता
छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी दबाव बनाने वाले समूह के रूप में काम करेगी क्योंकि इस समय देश को इसी की जरूरत है। दीपके ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉजपा की कोर टीम की बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा कि बैठक में मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में लोगों के घटते भरोसे पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में एथ्नॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। दीपके ने कहा, फिलहाल कॉजपा दबाव बनाने वाले एक समूह के रूप में काम करेगी क्योंकि इस समय भारत को दबाव बनाने वाले एक समूह की ही जरूरत है। कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी पार्टी के मार्गदर्शक बने रहेंगे और विभिन्न मुद्दों पर पार्टी उनसे सलाह लेती रहेगी।
दास ने कहा कि वे राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षाओं संबंधी अन्य अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के हालिया प्रदर्शनों में शामिल विद्यार्थियों के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकियां वापस लेने की मांग भी करेंगे। उन्होंने कहा, हम इस मुद्दे पर सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे हैं। दास ने यह भी कहा कि संगठन हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान घायल हुए प्रदर्शनकारियों को कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी काम कर रहा है। दीपके जून में अमेरिका से भारत लौटे थे और उन्होंने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक के विरोध में आंदोलन का नेतृत्व किया। इस आंदोलन में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवा दिल्ली पहुंचे और उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। देश भर के ‘जेन-जेड’ युवाओं से मिले व्यापक समर्थन के बाद यह आंदोलन तेज हुआ और पिछले सप्ताह धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कॉजपा का आंदोलन देश के कई शहरों तक फैल गया।
आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में झारखंड जाऊंगा
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि वह झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में झारखंड जाएंगे। दीपके ने अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर में कॉजपा की कोर टीम की बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा कि फिलहाल उनका युवा आंदोलन ‘दबाव बनाने वाले समूह’ के रूप में काम करेगा क्योंकि इस समय भारत को इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैठक में, मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं पर लोगों के घटते भरोसे पर चर्चा की जाएगी। साथ ही एथ्नॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में नौकरी के अभ्यर्थी 29 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के स्वतंत्र पैनल से कराई जाए।











