एक्सयूवी 300 के उड़े परखच्चे, बड़ा हादसा टला
लाकवाहिनी संवाददाता
गढ़चिरोली। कोरची-कुरखेड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बेडगांव घाट में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से कुरखेड़ा की ओर आ रहे एक मालवाहक ट्रक के ब्रेक फेल होने से उसने सामने से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी300 कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की चपेट में एक टाटा पंच कार भी आ गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, घाट पर चढ़ाई के दौरान एक ट्रक पहले से खराब होकर खड़ा था। इसी दौरान ढलान से आ रहे सीजी-07 बीके-8413 नंबर के ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी300 (एमएच-33 एडी-3681) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार दो ट्रकों के बीच फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। बताया गया कि इस कार में कुरखेड़ा के ठेकेदार रामसुख चोयल अपने मित्र प्रमोद मेश्राम के परिवार को स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए राजनांदगांव लेकर जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में टाटा पंच (एमएच-31 जीजी-3162) में सवार माणिक कवडू मेश्राम (57), निवासी उदयपुर, ब्रह्मपुरी, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई है और सात टांके लगाए गए हैं। उनका उपचार कुरखेड़ा उपजिला अस्पताल में चल रहा है तथा उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक में लदी लोहे की सरिया सड़क पर बिखर गई। वहीं, डीजल टैंक फटने से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए विस्फोट की आशंका भी बनी रही। हालांकि स्थानीय नागरिकों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुराडा पुलिस चौकी के सहायक पुलिस निरीक्षक रविंद्र मैहस्कर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारु कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद कुछ ही समय में घाट पर यातायात सामान्य कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
बेडगांव घाट बना हादसों का केंद्र
बेडगांव घाट में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। तीव्र चढ़ाई-उतराई, संकरी सड़क, बहा हुआ मुरूम, बीच रास्ते में खराब होने वाले भारी वाहन और अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह घाट बेहद खतरनाक बन चुका है। नागरिक लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण, सुरक्षा रेलिंग और वैकल्पिक मार्ग की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि ‘आखिर प्रशासन और कितने हादसों का इंतजार कर रहा है?’












