अजित पवार के निधन के साथ ही यह विषय समाप्त हो गया
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। अजित पवार के निधन के बाद दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय के लिए मेरे पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है. यह प्रतिक्रिया राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने दी है. उन्होंने कहा कि अजित पवार के रहते दोनों दलों के विलय के लिए उन्होंने प्रयास शुरू किए थे. इस बारे में वह पहले भी बात कर चुकी हैं, लेकिन अजित पवार के निधन के बाद अब तक उनके पास इस संबंध में कोई प्रस्ताव नहीं आया है. सुप्रिया सुले ने कहा, मेरे पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है. मुझसे किसी ने इस बारे में बात भी नहीं की है. पवार साहब से कई लोग मिलते रहते हैं. इसमें कुछ नया या गलत नहीं है. जब अजित पवार का गुट अलग हुआ था, तब भी कई लोग पवार साहब से मिलने आते थे.
सांसद सुले ने कहा कि दूसरे दल में क्या चल रहा है, यह उस पार्टी का आंतरिक मामला है. उन्होंने सवाल किया कि वे उस पार्टी के अंदरूनी मामलों में दखल क्यों दें. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, जिस दिन मेरे भाई का निधन हुआ, उसी दिन मैंने इस विषय पर विराम लगा दिया था. मेरा भाई चला गया, तो यह विषय भी समाप्त हो गया. जब तक दादा थे, तब तक इस बारे में चर्चा होती थी. पूरी दुनिया को पता था कि हम क्या करने वाले हैं. लेकिन मेरे भाई के जाने के साथ ही यह विषय खत्म हो गया. इस तरह सुप्रिया सुले ने दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है. दरअसल, पिछले कई दिनों से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर पर्दे के पीछे बड़ी राजनीतिक हलचल होने की चर्चा है. अजित पवार गुट के कुछ विधायक शरद पवार से मुलाकात कर चुके हैं.

















