महाज्योती और वार्टी के विद्यार्थियों को टैब वितरण
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा की गुणवत्ता को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ना समय की जरूरत है। डिजिटल शिक्षा ने पढ़ाई के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर ज्ञान के नए रास्ते खोले हैं। विद्यार्थियों को सीखने और अपनी प्रतिभा साबित करने के अनेक अवसर मिले हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, आधुनिक रेफरेंस टूल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों से पढ़ाई अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है। विशेष रूप से मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इन सुविधाओं से काफी लाभ मिल सकता है।
मुख्यमंत्री के हाथों महाज्योती और वार्टी के विद्यार्थियों को टैब वितरित किए गए। इस अवसर पर फडणवीस संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में महाज्योती के प्रबंध निदेशक मिलिंद नारिंगे और वार्टी के प्रबंध निदेशक प्रशांत बावगे प्रमुखता से उपस्थित थे। डिजिटल टूल्स का सही इस्तेमाल करें विद्यार्थी, मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी जानकारी, कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए उपलब्ध डिजिटल टूल्स का उचित इस्तेमाल करना चाहिए। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपनी काबिलियत के दम पर खुद को साबित करते हुए सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए निरंतर अध्ययन, उचित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री आवश्यक है।
टैब से ऑनलाइन पढ़ाई और अभ्यास में मिलेगी मदद, मुख्यमंत्री ने कहा कि टैब के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन लेक्चर, स्टडी मटेरियल, प्रैक्टिस परीक्षाओं और विभिन्न शैक्षणिक रेफरेंस टूल्स का लाभ उठा सकेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के कारण शिक्षा के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। इसलिए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की जानकारी हासिल करने के साथ ही उसका शैक्षणिक उपयोग भी करना चाहिए।















