4 रबर बोत समेत लाखों की सामग्री जलकर खाक
नागपुर। सदर स्थित साइबर पुलिस स्टेशन के समीप पुराने क्वार्टर में रविवार तड़के करीब 1 बजे आग लग गई। कई महीनों से बंद पड़े इस क्वार्टर में महाराष्ट्र नेंवल एनसीसी यूनिट-4 की 4 रबर बोट समेत अन्य सामग्री रखी हुई थी। आग में रबर बोट, पेंट के डिब्बे, अग्निशमन यंत्र समेत लाखों रुपये की सामग्री जलकर खाक हो गई। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की चिंगारी से झाड़ियों में आग लगी, जिसने देखते ही देखते क्वार्टर में रखी प्लास्टिक और रबर की सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। मनपा के सिविल अग्निशमन दल के 2 वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर में शहर पुलिस के साइबर पुलिस स्टेशन के समीप पुलिस विभाग के पुराने क्वार्टर हैं। इन क्वार्टरटों का इस्तेमाल एनसीसी कार्यालय की आपदा प्रबंधन साम्ग्रियों और रबर बोट रखने के लिए किया जाता है। रविवार तड़के करीब 1 बजे परिसर के निवासी प्रतीक कुल ने कंट्रोल रूम को बंद क्वार्टर में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद मनपा के सिविल अग्निशमन दल के 2 वाहनों के साथ दिनेश कालमेघ, प्रशांत भनोट, कार्तिक परते, हितेश पैनीकर, सचिन पाटील, अजय लोखंडे समेत अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। आग ने प्लास्टिक की सामग्री, पेंट के डिब्बों और 4 रबर बोट को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे वह विकराल हो गई। दमकल कर्मियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
6 अन्य स्थानों पर कचरे में लगी आग
दीपावली के चलते शहर में पटाखों से आग लगने की घटनाएं अब भी सामने आ रही हैं। शनिवार शाम शहर के करीब 6 स्थानों पर पटाखों की चिंगारी से कचरे में आग लग गई। इनमें आकाशवाणी चौक, राजवाड़ा पैलेस के समीप बंजरिया, सोमनवाड़ा चौक, सोनेगांव तालाब चौक, कमाल चौक में राजपूत होटल के समीप और जयताला में लंदन स्ट्रीट के पास आग लगने की घटनाएं शामिल हैं।















