अब 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। झारखंड समेत सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अब अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर के बजाय 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समयसीमा बढ़ा दी है। यह फैसला अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट (एसडीडी) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।
निर्वाचन आयोग का संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के अलावा झारखंड, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नगालैंड और हरियाणा में भी लागू होगा। आयोग ने इन सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख 22 दिसंबर तय की है।
















