लाठी से किया था जानलेवा हमला, दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत
कुख्यात आरोपी अक्षय करोते गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। प्रेम संबंध का विरोध करना एक महिला को इतना भारी पड़ा कि उसे मौत के घाट उतार दिया गया। नंदनवन थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के प्रेम संबंध का विरोध करने वाली उसकी मामी की अपहरण के बाद बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने दो दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने कुख्यात आरोपी अक्षय शालिकराम करोते को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदनवन थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर परिसर में रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरोपी अक्षय करोते प्रेमजाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था। लड़की की मामी प्रियंका सावरकर ने इसका विरोध किया था और आरोपी को ऐसा करने से रोका था। इसी बात से नाराज होकर अक्षय ने प्रियंका को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद मौका मिलते ही आरोपी ने नंदनवन परिसर से प्रियंका का अपहरण कर लिया। वह महिला को बाइक पर बैठाकर वाठोडा इलाके में ले गया, जहां लाठी से उसके सिर, हाथ और पैरों पर बेरहमी से वार किए। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गया।
घटना के बाद घायल प्रियंका को उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल और फिर मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। आखिरकार गुरुवार को पुलिस ने अक्षय को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या और सेंधमारी जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे हत्याकांड की आगे की जांच कर रही है।
















