नागपुर। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के पदव्युत्तर शिक्षणशास्त्र विभाग की शोधार्थी हर्षाली खड़से द्वारा विकसित इंग्लिश लैंग्वेज एंड ग्रामर एंग्जायटी स्केल (ईएलजीएएस) का 20 नवंबर को अनावरण किया गया। विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर और प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे के हाथों इस शोध उपकरण का औपचारिक विमोचन किया गया। नेशनल साइकोलॉजिकल कॉर्पोरेशन ने इसे आधिकारिक रूप से प्रकाशित किया है। जनवरी 2027 से यह एनपीसी कैटलॉग के माध्यम से देशभर में उपलब्ध होगा। हर्षाली खड़से ने यह स्केल अपने शोध मार्गदर्शक एवं शिक्षाशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. तिक्ष्या श्यामकुल के मार्गदर्शन में विकसित किया है। इसकी अवधारणा तैयार करने से लेकर प्रकाशन तक उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग मिला। यह निदानात्मक शोध उपकरण बाल मनोवैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों को विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा एवं व्याकरण से जुड़ी चिंता की पहचान और उसका आकलन करने में मदद करेगा।
भाषा की चिंता आत्मविश्वास में बनती है बाधा
हर्षाली खड़से ने अपने शोध की अवधारणा स्पष्ट करते हुए कहा कि भाषा और व्याकरण संबंधी चिंता विद्यार्थियों के लिए दोहरे बौद्धिक अवरोध का काम करती है। व्याकरण संबंधी चिंता के कारण विद्यार्थी तकनीकी नियमों को लेकर असहज हो जाते हैं, जबकि सामान्य भाषा संबंधी चिंता उनके सहज और धाराप्रवाह संवाद को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि कई बार इस मानसिक बाधा को बुद्धिमत्ता या प्रयासों की कमी समझ लिया जाता है। इस स्केल को तैयार करने का उद्देश्य शिक्षकों और मनोवैज्ञानिकों को इन दोनों प्रकार की चिंताओं की सही पहचान करने में सक्षम बनाना है, ताकि केवल गलतियां सुधारने के बजाय विद्यार्थियों का संवाद संबंधी आत्मविश्वास भी दोबारा विकसित किया जा सके। हर्षाली खड़से ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय शोध मार्गदर्शक के निरंतर सहयोग, माता-पिता, गुरुजनों के आशीर्वाद, परिवार और विश्वविद्यालय को दिया। नागपुर विश्वविद्यालय की इस शोधार्थी का शैक्षणिक मनोविज्ञान के क्षेत्र में किया गया यह कार्य देशभर के शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
भाषा और व्याकरण को लेकर होने वाली चिंता विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, भाषा की प्रवाहशीलता और शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है। शिक्षा, मनोविज्ञान, भाषा और मानविकी विषयों के समन्वय से तैयार यह एक अंतरविषयक शोध उपकरण है। इसके माध्यम से यह समझने में मदद मिलेगी कि विद्यार्थियों की भावनात्मक स्थिति उनके भाषा प्रयोग और संवाद क्षमता को किस तरह प्रभावित करती है। इस उपलब्धि पर कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने हर्षाली खड़से का अभिनंदन करते हुए शोध के बहुविषयक दृष्टिकोण और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा मनोवैज्ञानिकों के लिए इसकी उपयोगिता की सराहना की। उन्होंने शोध के लिए की गई मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे ने कहा कि यह स्केल कक्षाओं की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जाने वाले शोध के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

















