नई तकनीक से मधुमक्खियों का परिवहन होगा सुरक्षित, डिजाइन पंजीकृत
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मधुमक्खियों के बक्सों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने एक अभिनव उपकरण विकसित किया है। इस नए शोध से मधुमक्खियों के परिवहन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। इस उपकरण के डिजाइन का पंजीकरण भी किया गया है। दरअसल, मधुमक्खियों के बक्सों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाते समय किसानों और मधुमक्खी पालकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से लंबी दूरी के परिवहन के दौरान बक्सों में पर्याप्त हवा नहीं पहुंच पाती, तापमान बढ़ जाता है और मधुमक्खियों के बाहर निकलने की आशंका बनी रहती है। इससे मधुमक्खियों की सुरक्षा को खतरा पैदा होता है। किसानों और मधुमक्खी पालकों की इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नागपुर विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं की टीम ने ‘वेंटिलेटेड बी-रिटेनिंग इनर कवर’ नामक विशेष उपकरण विकसित किया है। इस शोध के डिजाइन का पंजीकरण किया गया है।
जालीदार तकनीक से मधुमक्खियों को मिलेगी सुरक्षा
इस उपकरण में विशेष प्रकार की जालीदार संरचना तैयार की गई है। यह जाली मधुमक्खियों को बक्से से बाहर निकलने से रोकने के साथ ही उसके अंदर हवा का पर्याप्त संचार बनाए रखने में मदद करती है। इससे परिवहन के दौरान बक्से के तापमान को नियंत्रित रखने और मधुमक्खियों पर पड़ने वाले तनाव को कम करने में मदद मिलने की संभावना है। विशेष रूप से मधुमक्खियों के आयात-निर्यात, लंबी दूरी के परिवहन और व्यावसायिक मधुमक्खी पालन में यह उपकरण उपयोगी साबित हो सकता है। मधुमक्खियां कृषि और पर्यावरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। विभिन्न फसलों के परागीभवन में उनकी प्रमुख भूमिका होती है। शहद उत्पादन के साथ-साथ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में भी मधुमक्खी पालन का विशेष महत्व है। व्यावसायिक मधुमक्खी पालन और फसलों के परागीभवन के लिए मधुमक्खियों के बक्सों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाना पड़ता है। ऐसे में उनके सुरक्षित परिवहन की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इसी समस्या का वैज्ञानिक और व्यावहारिक समाधान खोजने के उद्देश्य से शोधकर्ताओं ने इस विशेष आंतरिक ढक्कन को विकसित करने की संकल्पना तैयार की।
नौ शोधकर्ताओं का संयुक्त योगदान
इस अभिनव शोध के डिजाइन पंजीकरण में नयन संगतराम कुंभारे, डॉ. वर्षा तुलसीदास धुर्वे, डॉ. शिल्पा खुशाल कटरे, डॉ. आशिककुमार मधुकर नागवंशी, वैभवी अतिश इंगले, रवि धनपाल चौधरी, खोमेश हिरराज लांजेवार, डॉ. जितेंद्र ऋषि किरसन और यजुर्वेद नहरी सेलोकर का संयुक्त योगदान रहा। इस शोध में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के रेशम विज्ञान एवं जैव संसाधन प्रबंधन अनुसंधान केंद्र, स्नातकोत्तर प्राणीशास्त्र विभाग तथा स्नातकोत्तर आण्विक जीवविज्ञान एवं आनुवंशिक अभियांत्रिकी विभाग के शोधकर्ताओं ने योगदान दिया।
















