दो दिवसीय मंडई में लावणी, दंडार और खड़ा तमाशा की महफिल में उमड़ी भीड़
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। दीपावली नवमी के पावन पर्व पर नगर पंचायत पारशिवनी की ओर से 17 और 18 नवंबर को दो दिवसीय ‘मंडई लोककला महोत्सव’ का आयोजन किया गया है। यह सांस्कृतिक महोत्सव जूना बस स्थानक परिसर, पारशिवनी में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारशिवनी नगर पंचायत की नगराध्यक्ष सुनीता डोमकी ने कर उत्सव प्रारंभ किया। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपकराव शिवरकर, पुलिस निरीक्षक किशोर शेरकी, विरोधी पक्षनेता आशीष भड़, पूर्व जि.प. सभापति हर्षवर्धन निकोसे की प्रमुख उपस्थिति रही।
महोत्सव के पहले दिन मंगलवार को शाम 7 बजे पुणे की सुप्रसिद्ध लावणी कलाकार कोमल नागपुरकर का विशेष लावणी कार्यक्रम संपन्न हुआ। बुधवार को सुबह 6 बजे विदर्भ की पारंपरिक ‘दंडार लोककला’ की प्रस्तुति हुई, जिसमें शाहिर राजेश घोडमारे व समूह (हनुमान दंडार मंडल, बोरबन इंदिरा नगर, पारशिवनी) तथा गांधी चौक पर शाहिर मोरेश्वर बडवाईक (कलंगी मंडल, पारशिवनी) ने अपनी कला का प्रस्तुत की। इसके पश्चात जूना बस स्टॉप मैदान पर सुबह 9 बजे उस्ताद चंद्रभान तडस, उस्ताद नामदेव पाटिल और उस्ताद राखीचंद कोठाने के मार्गदर्शन में दांडपट्टा व अखाड़ा कसरत के हैरतअंगेज करतब दिखाए गए। इसी मुख्य स्थान पर सुबह 10 से शाम तक ‘दुय्यम खड़ा तमाशा’ के तहत सुप्रसिद्ध शाहिर अंबादास नागदेवे (तुरी प्रकाश मंडल, भंडारा) और शाहिर ललकार विजय (सुभान मंडल, निल्डोह) के बीच रंगारंग मुकाबला हुआ जिसका बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने आनंद लिया।
दो दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने में जि.प. के पूर्व सभापति हर्षवर्धन निकोसे, प्रकाश डोमकी, प्रमोद काकडे व न.पं. सभापति रोशन पिंपलामुले, योगिनी बावनकुले, प्रीति खुबालकर, विरोधी पक्ष नेता आशीष भड़ सहित सभी नगरसेवक, नगरसेविकाएं व पारशिवनी व्यापारी संघ, पत्रकार संघ, केमिस्ट एसोसिएशन, विभिन्न मित्र मंडल और समस्त नगरवासियों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।















