महानगर पालिका अधिकारियों की भूमिका पर संदेह, व्यापारियों को नोटिस जारी करने का आश्वासन हवा-हवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दिवाली के त्योहार पर ग्राहकों को आकर्षित कर लाखों का कारोबार करने वाले नागपुर के प्रतिष्ठित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ज्वेलर्स ने अपने शोरूम के सामने स्थित पेड़ों पर बिजली की रोशनी लगाकर पर्यावरण नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया है। यह स्थिति अब भी बरकरार है। पेड़ों पर की गई रोशनी को लेकर ‘दैनिक लोकवाहिनी’ ने लगातार चार दिनों तक समाचारों की श्रृंखला प्रकाशित की थी। इसके बाद पर्यावरण प्रेमियों को उम्मीद थी कि महानगरपालिका के अधिकारियों की नींद खुलेगी और संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। लेकिन महानगरपालिका अधिकारियों की उदासीनता के चलते पर्यावरण प्रेमियों को निराशा हाथ लगी है।
दिवाली समाप्त हुए लगभग दस दिन बीत जाने के बाद भी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने सार्वजनिक स्थानों पर स्थित पेड़ों से रोशनी नहीं हटाई गई है। इससे महानगरपालिका अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है। यह संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं केवल कार्रवाई का आश्वासन देकर अपनी जेबें गर्म करने का काम तो नहीं किया जा रहा है। दिवाली के दौरान नागपुर शहर के पर्यावरण को नुकसान से बचाने के उद्देश्य से ‘दैनिक लोकवाहिनी’ ने बड़े शोरूम के सामने पेड़ों पर की गई रोशनी और उनके तनों पर लगाए गए बल्बों को लेकर समाचारों की श्रृंखला प्रकाशित की थी। इसके माध्यम से शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों द्वारा पर्यावरण को पहुंचाए जा रहे नुकसान को उजागर किया गया था। पेड़ों पर रोशनी लगाने से संबंधित कानूनों और प्रकृति प्रेमियों की राय जानकर वास्तविक स्थिति सामने रखी गई थी। इसके बाद महानगरपालिका के उद्यान विभाग के उपायुक्त गणेश राठोड से संपर्क कर इस मामले की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया गया था।
उद्यान अधीक्षक को कानून की जानकारी नहीं!
इस बीच, ‘दैनिक लोकवाहिनी’ के प्रतिनिधि ने महानगरपालिका के उद्यान विभाग के उपायुक्त गणेश राठोड से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पेड़ों पर बिजली की रोशनी लगाने वाले व्यापारियों को नोटिस जारी करने के आदेश उद्यान अधीक्षक अमोल चोरपगार और जोन स्तर के अधिकारियों को दिए गए हैं। इस संबंध में चोरपगार से संपर्क करने पर उन्होंने बात करने से परहेज किया। उनका कहना है कि उन्हें ऐसे किसी कानून की जानकारी नहीं है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या चोरपगार जानबूझकर कानून की जानकारी नहीं होने की बात कहकर बड़े व्यापारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं? या फिर दिवाली के दौरान लक्ष्मी दर्शन के चलते कार्रवाई करने से बचा गया? चोरपगार के जवाब से इस तरह के कई सवाल खड़े हो रहे हैं।















