नागपुर। भारतीय वायुसेना की ताकत, अनुशासन और अद्भुत कौशल का नजारा रविवार को नागपुर के आसमान में देखने को मिला। वायुसेना के ‘एयर फेस्ट’ का शुभारंभ एयर वॉरियर ड्रिल टीम की अनुशासित परेड और शानदार कवायदों के साथ हुआ। इस अवसर पर वायुसेना के जवानों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सलामी दी। इसके बाद सूर्यकिरण और सारंग एरोबेटिक टीमों के हवाई करतबों तथा सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के फ्लाईपास्ट ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वायुसेना की मेंटेनेंस कमांड मुख्यालय की ओर से वायुसेना नगर में आयोजित इस एयर फेस्ट को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित अतिथियों की मौजूदगी रही, वहीं फु ताला तालाब, अंबाझरी तालाब, दाभा और वाड़ी परिसर के नागरिकों ने अपने घरों की छतों से हवाई करतबों का आनंद लिया।
सूर्यकिरण के नौ विमानों ने आसमान में बनाई आकर्षक आकृतियां
सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के नौ विमानों ने जैसे ही आसमान में उड़ान भरी, दर्शकों की निगाहें उन पर टिक गईं। विमानों ने बेहद कम दूरी पर एक-दूसरे के करीब से उड़ान भरते हुए कभी सीधी कतार तो कभी अलग-अलग आकृतियां बनाईं। विमानों से निकलने वाले रंगीन धुएं ने आसमान में तिरंगे जैसी छटा बिखेर दी। पायलटों के बीच सटीक तालमेल, अनुशासन और कठिन प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
सारंग हेलीकॉप्टरों की हृदयाकृति ने जीता दिल
सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए विभिन्न हवाई करतब प्रस्तुत किए। हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरना, अचानक दिशा बदलना और आसमान में हृदय की आकृति बनाना दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। सूर्यकिरण के विमानों की तेज गति और सारंग हेलीकॉप्टरों की नियंत्रित उड़ान ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आकाशगंगा टीम के जवानों ने पैराशूट के जरिए हवाई प्रात्यक्षिक प्रस्तुत किए। ऊंचाई से नीचे उतरते समय पैराशूट पर नियंत्रण और निर्धारित स्थान पर सुरक्षित लैंडिंग के कौशल को देखकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
सुखोई की गर्जना से गूंज उठा आसमान
सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान की तेज उड़ान और रोमांचक हवाई करतबों ने पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। विमान की गर्जना सुनते ही लोगों की निगाहें आसमान की ओर उठ गईं। इस प्रदर्शन के माध्यम से नागरिकों को लड़ाकू विमान की क्षमता और वायुसेना के पायलटों के कौशल को करीब से देखने का अवसर मिला। गरुड़ विशेष बल के जवानों ने भी अपने प्रदर्शन के जरिए सैन्य अभियानों के लिए आवश्यक तैयारी, अनुशासन और दक्षता का परिचय दिया। यहां एयर वॉरियर ड्रिल टीम की शानदार कवायदों को भी दर्शकों की सराहना मिली।
बच्चों में उत्सुकता, युवाओं में वायुसेना के प्रति आकर्षण
वायुसेना नगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रवेश केवल आमंत्रित लोगों के लिए होने के कारण फु ताला और अंबाझरी तालाब के आसपास के क्षेत्रों के साथ दाभा, वाड़ी और अन्य इलाकों में लोगों ने घरों की छतों से हवाई प्रदर्शन देखे। इस दौरान मोबाइल फोन से तस्वीरों और वीडियो बनाने की होड़ लगी रही। बादलों की वजह से कुछ समय के लिए विमान नजरों से ओझल हो जाते थे, लेकिन दोबारा दिखाई देते ही लोगों का उत्साह बढ़ जाता था। छोटे बच्चे विमानों के नाम और उनकी विशेषताओं को लेकर अपने अभिभावकों से सवाल पूछते नजर आए।
फुटालाऔर दाभा परिसर में उमड़ा जनसैलाब, सड़कें-छतें हुईं हाउसफुल
एयर शो में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के लिए आमंत्रण अनिवार्य था, लेकिन आसमान में होने वाले रोमांचक हवाई करतबों को देखने के लिए नागपुरकरों ने आसपास के खुले स्थानों का रुख किया। रविवार सुबह 9 बजे से ही फु ताला, दाभा और अमरावती मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। विमानों के करतब शुरू होते ही सड़कों, घरों की छतों और खुले मैदानों में दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ एयर शो देखने पहुंचे। भीड़ बढ़ने से कई स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति बन गई। फु ताला परिसर में व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को बैरिकेड्स लगाने पड़े और वाहनों का प्रवेश रोकना पड़ा। इसके बावजूद नागरिकों में हवाई प्रदर्शन देखने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

















