फर्जी रसीदें देकर छह जमाकर्ताओं के साथ की आर्थिक धोखाधड़ी, अंबाझरी पुलिस ने शुरू की जांच
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। गोकुलपेठ स्थित धनलक्ष्मी महिला सहकारी पतसंस्था की अध्यक्ष पर छह जमाकर्ताओं की कुल 54 लाख 20 हजार 1 रुपये की राशि का गबन कर आर्थिक धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। अंबाझरी पुलिस ने संस्था की अध्यक्ष रूपाली विनोद मोरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी गजानन बाबूराव बोंंद्रे (56), निवासी देवनगर, बजाजनगर, जिला विशेष लेखा परीक्षक वर्ग-1, सहकारी संस्था, गणेशपेठ में कार्यरत हैं। धनलक्ष्मी महिला सहकारी पतसंस्था के छह जमाकर्ताओं ने अपनी सावधि जमा (एफडी) की रकम समय पूरा होने के बाद भी वापस नहीं मिलने की शिकायत जिला उपनिबंधक, सहकारी संस्था कार्यालय में की थी।
इसके बाद शिकायत की जांच और लेखा परीक्षण का आदेश दिया गया। जांच में सामने आया कि 2 सितंबर 2023 से 27 फरवरी 2026 के बीच संस्था की अध्यक्ष रूपाली मोरे ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जमाकर्ताओं से सावधि जमा के नाम पर रकम स्वीकार की और उन्हें रसीदें भी दीं। हालांकि, जमा की गई रकम का संस्था के रिकॉर्ड में कोई उल्लेख नहीं किया गया। आरोप है कि अध्यक्ष ने इस राशि का इस्तेमाल अपने निजी आर्थिक लाभ के लिए किया और संस्था तथा जमाकर्ताओं के साथ विश्वासघात करते हुए कुल 54,20,001 रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत और जांच के आधार पर अंबाझरी पुलिस ने आरोपी अध्यक्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) और 318(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक नानाभाऊ काकड़ मामले की आगे जांच कर रहे हैं।














