बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री-2 शमा ओबैद इस्लाम ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना यदि विदेश में स्थित बांग्लादेश के किसी भी राजनयिक मिशन में प्रवेश करती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, मंत्री ने सरकार का रुख दोहराते हुए कहा कि बांग्लादेश लौटने पर भी हसीना को तत्काल हिरासत में लिया जाएगा। यह बयान 16 दिसंबर को उनकी संभावित वापसी की खबरों के बीच आया है। विदेश मंत्रालय में एक सवाल के जवाब में शमा ने कहा कि विदेशों में स्थित बांग्लादेश के सभी 84 राजनयिक मिशनों को देश का क्षेत्र माना जाता है। उन्होंने कहा, ‘हमारे विदेश स्थित 84 मिशनों में से किसी में भी वह जाती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
मंत्री ने हसीना को दोषी करार दिया गया व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों पर देश के कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेश में शरण लेने वाले अन्य दोषियों पर लागू कानून ही हसीना पर भी लागू होंगे और उन्हें कोई विशेष छूट नहीं मिलेगी। शमा ने कहा कि यदि कोई आरोपी या दोषी व्यक्ति बांग्लादेश लौटता है, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया था कि हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर स्वदेश लौटना चाहती हैं। बताया गया था कि उन्होंने ढाका सरकार से नई दिल्ली से राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए हवाई यात्रा की व्यवस्था करने और जरूरी यात्रा दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की थी।
हालांकि, शमा ने हसीना की वापसी के लिए सरकार की ओर से किसी भी तरह की व्यवस्था किए जाने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें वापस लाने के लिए विमान, हेलीकॉप्टर, बस, कार या रिक्शा भेजने तक पर सरकार में कोई चर्चा नहीं हुई है। मंत्री ने 16 दिसंबर को वापसी की खबरों को राजनीतिक कवायद बताते हुए कहा कि हसीना जब भी लौटेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। शमा ने यह भी कहा कि बांग्लादेश विदेशों में शरण लेने वाले दोषियों को वापस लाने के लिए कूटनीतिक माध्यमों और मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत प्रयास कर रहा है। इस संबंध में भारत सरकार के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बांग्लादेश में अशांति फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि देश छोड़ने के बाद हसीना ने अपने समर्थकों को छोड़ दिया। हसीना के बांग्लादेशी पासपोर्ट या राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग करने संबंधी खबरों पर शमा ने कहा कि मानवता के खिलाफ अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को ऐसे दस्तावेज जारी करना सरकार की बाध्यता नहीं है।
इससे पहले विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर भी कह चुके हैं कि बांग्लादेश लौटने पर हसीना को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने ढाका में विदेशी राजनयिकों को जानकारी देते हुए अवामी लीग की गतिविधियों से सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा होने का आरोप भी लगाया था। इस बीच, हसीना की वापसी की मंशा संबंधी खबरों के बाद बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने बांग्लादेश-भारत सीमा पर गश्त बढ़ा दी है। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में छात्र आंदोलन के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत चली गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश में 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 में पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण और बांग्लादेश के स्वतंत्र राष्ट्र बनने की याद में मनाया जाता है।


















