मिलकर चुनाव लड़ेंगे, मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा, सीट शेयरिंग पर फैसला बाद में : अमित शाह
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को गठबंधन की घोषणा की, जिससे राजग के सबसे पुराने सहयोगी की छह साल बाद वापसी हुई। इसबीच, गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का पद शिअद के पास रहेगा, क्योंकि गठबंधन में वही ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा। शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच, 2020 में शिअद ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ लिया था, जिससे उनकी 24 साल पुरानी साझेदारी खत्म हो गई थी। हालांकि, बाद में इन कानूनों को वापस ले लिया गया। शाह से जब पूछा गया कि क्या यह गठबंधन में फिर से कोई मुद्दा बन सकता है, तो उन्होंने कहा कि चूंकि कानून ही वापस ले लिए गए हैं, तो उनसे जुड़ा कोई मुद्दा उठने का सवाल ही कहां पैदा होता है।
नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में, शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ गठबंधन की घोषणा करते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब को एक विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। बादल ने इस गठबंधन को एक भावनात्मक गठबंधन बताते हुए कहा, भाजपा-शिअद पंजाब के सभी मुद्दों को सुलझाएगी, जिसमें नशीले पदार्थों की समस्या भी शामिल है। बादल ने दावा किया कि चुनावों में गठबंधन 100 से ज्यादा सीटें जीतेगा और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सीटों की संख्या घटकर 10 से कम रह जाएगी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ दिसंबर को मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सहमत हो गए हैं। शाह ने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए दोनों पार्टियां जल्द ही एक विस्तृत घोषणापत्र को अंतिम रूप देंगी, लेकिन पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना, किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना इसके मुख्य केंद्र-बिंदु होंगे। उन्होंने कहा, किसानों के मुद्दों को सुलझाने और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देने के भाजपा के वादे को, शिअद के हमारे साथ आने से और मजबूती मिलेगी। शाह ने कहा, भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हुई है; हम दिल से उनका स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, शिअद की राजग में वापसी से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल के वापस आने से राजग अब पूर्ण हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, अकाली दल के साथ हमारे रिश्ते हमेशा से मजबूत रहे हैं; हमारा जुड़ाव वाजपेयी-आडवाणी के दौर से चला आ रहा है। नवीन ने कहा कि यह पंजाब के लोगों के फायदे और हिंदू-सिख एकता के लिए एक स्वाभाविक गठबंधन है। उन्होंने कहा, भाजपा-शिअद गठबंधन पंजाब को एक विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेगा, और सीटों के बंटवारे पर बातचीत जल्द ही होगी। शाह ने कहा कि गठबंधन की बातचीत में उम्मीद से ज्यादा समय लगा, क्योंकि हम चाहते थे कि शिअद राजग के एक स्थायी सदस्य के रूप में वापस आए। उन्होंने कहा, इस गठबंधन के बिना भी ‘आप’ हार जाती, लेकिन भाजपा और शिअद के एक साथ आने से उनका पूरी तरह सफाया तय है। शाह ने कहा, पंजाब के विकास और संस्कृति को बढ़ावा देना भाजपा और शिअद, दोनों के लिए एक मुख्य एजेंडा है।
गठबंधन से पंजाब में जन हितैषी शासन सुनिश्चित होगा : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी हुई है, और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। भाजपा और शिअद ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को अपने गठबंधन की घोषणा की, और इसे एक ‘राष्ट्रीय और भावनात्मक’ समझौता बताया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हो रही है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के बीच एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों पर पहुंचे। उन्होंने कहा, अटल जी (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी), आडवाणी जी (पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी) और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा संवारा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।

















