नियमावली : सात करोड़ फ्लैटधारकों को लाभ, ‘वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड’ लागू करने महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता में संशोधन
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य के प्रत्येक फ्लैट की अलग संपत्ति पत्रिका तैयार करने का महत्वपूर्ण निर्णय राजस्व विभाग ने लिया है। ‘वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड’ नाम से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत फ्लैट का क्षेत्रफल, मालिकाना हक, बैंक का कर्ज, गिरवी और अन्य कानूनी देनदारियों का अलग-अलग रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के करीब सात करोड़ फ्लैटधारकों को इस निर्णय का लाभ मिलेगा। ‘वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड’ व्यवस्था लागू करने के लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके लिए तैयार नियमावली का मसौदा 26 नवंबर से आपत्तियों और सुझावों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद अंतिम नियमावली तय की जाएगी। बावनकुले ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के मालिकाना हक का रिकॉर्ड सातबारा उतारे पर, जबकि शहरी क्षेत्रों में संपत्ति पत्रिका पर दर्ज किया जाता है। लेकिन एक ही इमारत के प्रत्येक फ्लैट के अलग-अलग मालिकाना हक का रिकॉर्ड रखने के लिए पूरे राज्य में एक समान व्यवस्था नहीं है। इस कमी को दूर कर प्रत्येक फ्लैट का स्वतंत्र संपत्ति रिकॉर्ड तैयार करना सरकार का उद्देश्य है।
नई व्यवस्था के तहत सबसे पहले पूरी इमारत और उसके साझा उपयोग वाले स्थानों का मुख्य रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके बाद इमारत के प्रत्येक फ्लैट के लिए अलग पूरक रिकॉर्ड बनाया जाएगा। शहरी भूमापन क्षेत्र में इमारत के लिए ‘डी-1’ और प्रत्येक फ्लैट के लिए ‘डी-2’ के रूप में रिकॉर्ड दर्ज होगा। वहीं, ग्रामीण और अन्य क्षेत्रों में इमारत के लिए ‘आई-ए’ (गांव नमूना 7-क) और फ्लैट के लिए ‘आई-बी’ (गांव नमूना 7-ड) के रूप में रिकॉर्ड रखने का प्रस्ताव है। प्रत्येक फ्लैट का अलग पहचान क्रमांक निर्धारित किया जाएगा। संपत्ति पत्रिका में फ्लैटधारक का नाम, स्वीकृत क्षेत्रफल, मालिकाना हक, संबंधित देनदारियों तथा इमारत के स्वीकृत निर्माण नक्शे में निर्माण और खुली जगह का विवरण दर्ज किया जाएगा। स्वीकृत निर्माण नक्शे, आवश्यक प्रमाणपत्रों और पंजीकृत दस्तावेजों की जांच के बाद ही संपत्ति पत्रिका तैयार की जाएगी।














