लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद यदि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में नहीं आ रही है, तो उन्हें पुणे का पालकमंत्री बनाने से शहर का और अधिक नुकसान होगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर यह तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुणे को सक्षम और सख्त पालकमंत्री दिया जाना चाहिए या फिर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को अधिक अधिकार दिए जाने चाहिए। इस दौरान उन्होंने गृह विभाग की कार्यप्रणाली की भी जमकर आलोचना की। पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय परिसर में गोलीबारी और धारदार हथियार से हुए हमले के बाद शहर की कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस पृष्ठभूमि में सांसद सुप्रिया सुले ने मांग की थी कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पुणे का पालकत्व स्वीकार करें। हालांकि, रोहित पवार ने मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मांग का विरोध किया। रोहित पवार ने कहा कि पुणे की पालकमंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार पर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी है। लेकिन राज्य के गृहमंत्री होने के नाते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी उतनी ही जिम्मेदारी है। पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाएं गृह विभाग की विफलता को दर्शाती हैं। इसलिए फडणवीस को पुणे का पालकमंत्रीपद स्वीकार नहीं करना चाहिए। जब पहले से ही गृह विभाग की जिम्मेदारी उनके पास है और इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, तो पुणे का पालकत्व सौंपने से शहर को और नुकसान होगा।
अजितदादा जैसा प्रशासन पर दबदबा किसी और का नहीं
रोहित पवार ने कहा कि पुणे के मौजूदा पालकमंत्री प्रशासन पर वैसा दबदबा कायम नहीं कर पा रहे हैं, जैसा अजित पवार का था। अजित पवार का प्रशासन पर दबाव और प्रभाव था। उनकी काम करने की शैली अलग थी। उनके निधन के बाद उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। इसलिए पुणेकरों की अपेक्षाओं को पूरा करने के मामले में उनके काम की तुलना किसी अन्य से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार का राजनीतिक नेतृत्व अभी शुरुआती दौर में है। ऐसे में उन्हें लगता नहीं कि वे फिलहाल पुणेकरों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतर पा रही हैं।
हालांकि, उन्हें अकेला छोड़ने के बजाय उनकी पार्टी के विधायकों और सांसदों को उनकी मदद करनी चाहिए और उन्हें अधिक ताकत देनी चाहिए। पुणे की कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए रोहित पवार ने पुलिस आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुणे के पुलिस आयुक्त अन्य जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनते और केवल गृहमंत्री की सुनते हैं। यदि पुलिस आयुक्त पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं और अन्य जनप्रतिनिधियों के सुझावों की अनदेखी कर रहे हैं, तो यह गंभीर मामला है। इसलिए मौजूदा पुलिस आयुक्त को बदलकर उनकी जगह किसी सक्षम और अच्छे अधिकारी की नियुक्ति की जानी चाहिए। इससे शहर की स्थिति में सुधार हो सकता है। उन्होंने यह भी आलोचना की कि अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों को सुरक्षा दी जाती है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा की अनदेखी हो रही है। मुख्यमंत्री को राज्य की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वीकार कर नागरिकों को आश्वस्त करना चाहिए।
एमएचटी-सीईटी परीक्षा में गड़बड़ी पर सबूत किए पेश
राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने एमएचटी-सीईटी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है। इसी सिलसिले में गुरुवार को रोहित पवार ने मुंबई पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा में हुए कथित घोटालों के सबूत पुलिस आयुक्त को सौंपे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मुलाकात के बाद रोहित पवार ने ट्वीट कर परीक्षा में कथित घोटालों को लेकर बड़ा खुलासा किया। रोहित पवार ने कहा, राज्य के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी एमएचटी-सीईटी परीक्षा में किस तरह घोटालेबाज कंपनियां पैसे लेकर प्रवेश दिलाने का प्रबंधन कर रही हैं, इस संबंध में स्टिंग ऑपरेशन, डेटा लीक मामले और वर्ष 2027 की परीक्षा में अभी से हो रही गड़बड़ियों के सबूत लेकर मैंने मुंबई पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। सभी सबूत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला बेहद गंभीर है और इसका सीधा असर राज्य के लाखों विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि साथ में दिए गए क्यूआर कोड में सभी वीडियो और ऑडियो मौजूद हैं। सभी को इन्हें जरूर सुनना चाहिए। इतने सबूत पेश करने के बावजूद सरकार साधारण एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही है, यह आश्चर्यजनक है।















