नागपुर। मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ और जिला एवं सत्र न्यायालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सुबह 11.23 बजे धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। धमकी मिलने के बाद बम निरोधक एवं नाशक दस्ते के साथ श्वान पथक ने उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ और जिला न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली। अग्निशमन विभाग को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों न्यायालय परिसरों को खाली कराया गया। न्यायालयों में कामकाज जारी रहने के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की जांच के कारण कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से प्रशासन और न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
धमकी भरे ई-मेल में क्या लिखा था ?
धमकी भरा ई-मेल ‘हनामेलर5456’ नामक जीमेल आईडी से भेजा गया था। इसमें नागपुर खंडपीठ और जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ई-मेल में दोपहर 3 बजकर 11 मिनट का समय भी उल्लेखित था। धमकी भरे पत्र की प्रतियां आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई उच्च न्यायालय के महाप्रबंधक, नागपुर खंडपीठ के प्रशासनिक प्रबंधक, सदर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, जिला न्यायालय स्थित न्याय मंदिर पुलिस चौकी के निरीक्षक तथा जिला वकील संघ के अध्यक्ष और सचिव को भेजी गईं।
जिला न्यायाधीश ने पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र
धमकी का ई-मेल मिलने के बाद प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम. सलमान आजमी ने नागपुर शहर पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्रवाई की रिपोर्ट भी तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


















