नियोजन : पेयजल की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता : दत्तात्रय भरणे ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लोकवाहिनी संवाददाता
वाशिम। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में जल संरक्षण के काम बड़े स्तर पर किए जाएं। सूखे से निपटने से जुड़े सभी काम गुणवत्ता के साथ 15 दिसंबर से पहले पूरे किए जाएं। ये निर्देश राज्य के कृषि मंत्री और वाशिम के पालकमंत्री दत्तात्रय भरणे ने दिए। वे शुक्रवार को नियोजन भवन में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक और सूखा निवारण समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान सांसद संजय देशमुख, विधायक श्याम खोडे, भावना गवली, सईताई डहाके, अमित झनक, किरण सरनाईक, वसंत खंडेलवाल, जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित चौहान सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पालकमंत्री भरणे ने कहा कि इस साल सूखे की स्थिति को देखते हुए पेयजल के स्रोतों को बचाना और जिले में पानी की उपलब्धता बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए उपलब्ध जल भंडार का सही नियोजन किया जाए। जनप्रतिनिधियों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए कामों में तेजी लाई जाए। उन्होंने बीबी जी राम जी योजना के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार पैदा करने और सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। किसानों को फसल ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा। फसल बीमा कंपनियों से जुड़ी शिकायतों का समाधान कर किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
जलाशयों से अवैध रूप से पानी निकालने पर रोक लगाने और अवैध सिंचाई के खिलाफ जारी आदेशों का सख्ती से पालन करने को भी कहा। भरणे ने कहा कि गांवों और शहरों की जरूरत को ध्यान में रखकर कुओं का अधिग्रहण किया जाए। पहले से लंबित अधिग्रहण राशि का भुगतान भी जल्द किया जाए। जल संरक्षण कार्यों की योजनाएं तैयार कर सरकार को भेजी जाएं। पेनटाकली परियोजना के पानी के वितरण को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिए। इस पर पालकमंत्री ने तत्काल जल संसाधन मंत्री से फोन पर चर्चा की और समस्या का समाधान निकालने का अनुरोध किया। इस संबंध में जल्द ही राज्य स्तर पर बैठक होगी।
नीति आयोग को भी भेजे जाएंगे प्रस्ताव
वाशिम आकांक्षी जिला है। इसलिए यहां अधिक से अधिक जल संरक्षण कार्य शुरू करने के लिए राज्य सरकार और नीति आयोग को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। सामाजिक उत्तरदायित्व निधि के माध्यम से भी इन कार्यों को बढ़ावा देने को कहा गया। जिले में पशुधन की जरूरत को देखते हुए पर्याप्त चारे का भंडार रखने के निर्देश भी दिए।

















