इनोवेशन : लंबे समय तक बिस्तर पर रहने वाले मरीजों की देखभाल होगी आसान
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। लंबे समय तक बिस्तर पर रहने वाले मरीजों की देखभाल अब आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। नागपुर के शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय (मेडिकल) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शैलेश गहुकर द्वारा विकसित ‘इंटेलिजेंट बेड फॉर पेशंट केयर’ तकनीक को भारतीय पेटेंट मिल गया है। इस शोध के प्रथम इनोवेटर डॉ. गहुकर हैं, जबकि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) पेटेंट की आवेदक संस्था है। इस तकनीक के लिए वर्ष 2021 में पेटेंट आवेदन किया गया था। करीब पांच साल बाद इसे स्वीकृति मिली है। शोध दल में डॉ. गहुकर सहित कुल 10 शोधकर्ता शामिल हैं। इसमें चंडीगढ़ की संस्थाओं का भी योगदान रहा है।
बिना उठाए बदली जा सकेगी मरीज की स्थिति
लंबे समय तक बिस्तर पर रहने वाले मरीजों को बेडसोर यानी दबाव के कारण होने वाले घाव और संक्रमण का खतरा रहता है। मरीजों को बार-बार करवट दिलाने और उनकी स्थिति बदलने में परिजनों तथा नर्सिंग स्टाफ को काफी शारीरिक मेहनत करनी पड़ती है। इंटेलिजेंट बेड में सेंसर आधारित मल्टीझोन एयर सेल मैट्रेस का इस्तेमाल किया गया है। इसमें हवा के अलग-अलग चैंबरों का दबाव नियंत्रित कर मरीज को बिना उठाए उसकी स्थिति बदली जा सकेगी। इससे शरीर के किसी एक हिस्से पर लगातार पड़ने वाला दबाव कम होगा और बेडसोर का खतरा घटाने में मदद मिल सकती है।
स्वास्थ्य की निगरानी और स्वच्छता की सुविधा
बेड में एकीकृत स्वच्छता और मल-मूत्र संग्रहण प्रणाली भी विकसित की गई है। इसके अलावा हृदय गति, शरीर का तापमान, रक्तचाप और ऑक्सीजन स्तर जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मापदंडों की निगरानी की सुविधा दी गई है। यह तकनीक विशेष रूप से लकवाग्रस्त मरीजों, बुजुर्गों, आईसीयू में भर्ती रोगियों और बड़ी सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
व्यावहारिक उपयोग से पहले होंगे परीक्षण
डॉ. गहुकर के अनुसार, पेटेंट मिलने के बाद भी इस तकनीक को अस्पतालों में इस्तेमाल करने से पहले आवश्यक परीक्षण, क्लिनिकल वैलिडेशन, नियामक स्वीकृति और उत्पादन से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। इन चरणों के पूरा होने के बाद यह नवाचार मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में एक नया विकल्प उपलब्ध करा सकता है।

















