पांच एसआरपीएफ कंपनियां रहेंगी तैनात, शहर के 2,319 अधिकारी-कर्मचारियों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महाराष्ट्र विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन को लेकर उपराजधानी नागपुर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। अधिवेशन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और मंत्रियों, विधायकों, राजनीतिक नेताओं सहित महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 8 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और होमगार्ड का बड़ा फौजफाटा तैनात किया जाएगा। इसके लिए बाहरी जिलों से 5 हजार 950 अधिकारी, कर्मचारी और होमगार्ड की मांग की गई है। इसमें राज्य रिजर्व पुलिस बल की पांच कंपनियां भी शामिल रहेंगी। शहर के भीतर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए नागपुर पुलिस के 2 हजार 319 अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें 269 अधिकारी और 2 हजार 50 पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिकारियों में 3 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 11 पुलिस उपायुक्त, 11 सहायक पुलिस आयुक्त, 58 पुलिस निरीक्षक तथा 186 सहायक पुलिस निरीक्षक और पुलिस उपनिरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा 2 हजार 80 पुलिस अंमलदारों की नियुक्ति की जाएगी।
विधान भवन से लेकर रविभवन तक कड़ा पहरा
अधिवेशन के दौरान विधान भवन, रविभवन, नागभवन, मोर्चों के शुरुआती और समापन स्थलों सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मंत्रिमंडल के सदस्यों और वीआईपी व्यक्तियों के दौरों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के मोर्चों, आंदोलनों और प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस का विशेष बंदोबस्त रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था में बीडीडीएस की 20 टीमें, फोर्स वन, गोपनीय शाखा, दंगारोधी पथक, डॉग स्क्वॉड सहित विभिन्न विशेष दस्ते भी तैनात किए जाएंगे।
बाहरी जिलों से आएगा 5,950 का अतिरिक्त बल
अधिवेशन के बंदोबस्त के लिए बाहरी जिलों से 350 अधिकारी, 2 हजार 200 पुलिस कर्मचारी, 1 हजार 200 पुरुष होमगार्ड और 300 महिला होमगार्ड की मांग की गई है। इसके अलावा एसआरपीएफ की पांच कंपनियों के लगभग 400 जवान भी तैनात किए जाएंगे। पिछले वर्ष के अधिवेशन में बाहरी जिलों से 4 हजार 578 जवानों का मनुष्यबल उपलब्ध कराया गया था। इस बार सुरक्षा व्यवस्था के लिए इससे अधिक बल की मांग की गई है।
स्मार्ट और हाईटेक होगी सुरक्षा व्यवस्था
इस बार अधिवेशन का पुलिस बंदोबस्त हाईटेक और स्मार्ट तकनीक से लैस रहेगा। कमांडो दस्तों को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी व्हाट्सएप सहित अन्य संचार माध्यमों के जरिए आपस में जुड़े रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा सके। कुल मिलाकर शीतकालीन अधिवेशन के दौरान नागपुर पुलिस किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।

















