नागपुर, संवाददाता:यशोधरानगर क्षेत्र के ईंटभट्टी चौक में शनिवार दोपहर भाजपा उत्तर नागपुर विभाग के वार्ड अध्यक्ष सचिन उर्फ सोनू ओमप्रकाश साहू (40) की निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद रविवार को नागपुर शहर में तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई। आक्रोशित नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कांजी हाउस इलाके में चक्का जाम किया।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने ‘आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करो’, ‘बुलडोजर कार्रवाई करो’, ‘हत्यारों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाए। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर सचिन साहू अपने बेटे प्रीत के पहले जन्मदिन के लिए समोसे का ऑर्डर देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। कुछ ही पलों में सचिन मौके पर ही ढेर हो गए। आरोपी हमला करने के बाद फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही यशोधरानगर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा किया और हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
पुराने विवाद का एंगल आया सामने
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्याकांड की जड़ में गणेशोत्सव के दौरान हुआ विवाद हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी सोनू नामक युवक ने गणेश मंडप में मांसाहार किया था, जिस पर सचिन ने आपत्ति ली थी। इससे गुस्से में आरोपी के परिवार ने पहले भी सचिन के घर पर हमला किया था। शिकायत होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मामला बढ़ता गया और अंततः हत्या हो गई, ऐसी प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
विरोध-प्रदर्शन, भारी पुलिस बंदोबस्त
रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में व्यापारी, नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम लग गया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त तैनात किया। वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस आयुक्त लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। भाजपा शहराध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से बात की है। ‘मुख्यमंत्री ने पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं,’ ऐसा तिवारी ने कहा। उन्होंने आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोज़र कार्रवाई की मांग भी दोहराई।
नागरिकों में बढ़ती असुरक्षा
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नागरिकों ने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया कि सभी आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। इस दर्दनाक घटना ने नागपुर शहर को हिलाकर रख दिया है और कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।











