समृद्धि महामार्ग पर हादसों का सिलसिला जारी
कार दुर्घटना में एक की मौत
लोकवाहिनी संवाददाता
बुलढाणा। हिंदूदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। उद्घाटन के बाद से ही यह एक्सप्रेसवे दुर्घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है और हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बीते 24 घंटे के भीतर समृद्धि महामार्ग पर दो बड़े हादसे हुए, जिनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। रविवार देर रात समृद्धि महामार्ग पर खड़े ट्रक में पीछे से एक कार जोरदार तरीके से जा भिड़ी। यह हादसा आंध्र क्षेत्र में चैनल नंबर 273.02 के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में कृष्णा संगीत राठोड (26) निवासी सोमनाथनगर, तहसील मानोरा, जिला वाशिम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार उनके तीन अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है।
पहली घटना के कुछ घंटों बाद सोमवार तड़के समृद्धि महामार्ग पर एक और बड़ा हादसा हुआ। बाबा ट्रैवल्स की एक निजी लग्जरी बस पुणे से नागपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे मेहकर के निकट पिंपरी माली-शहापुर गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा दब जाने से कुछ यात्री करीब एक से डेढ़ घंटे तक अंदर ही फंसे रहे। सूचना मिलते ही महामार्ग पुलिस, मेहकर पुलिस और समृद्धि महामार्ग की रेस्क्यू टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों की मदद से कटर मशीन और अन्य उपकरणों का उपयोग कर फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
डेढ़ घंटे तक बस में फंसे रहे यात्री
हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा दब जाने से कई यात्री अंदर ही फंस गए। कुछ यात्रियों को लगभग एक से डेढ़ घंटे तक बस के भीतर ही फंसे रहना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही महामार्ग पुलिस, मेहकर पुलिस और समृद्धि महामार्ग की बचाव टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। बचाव दल ने स्थानीय नागरिकों की मदद से कटर मशीन और अन्य उपकरणों का उपयोग कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल मेहकर के सरकारी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों का उपचार अस्पताल के अतिदक्षता विभाग (आईसीयू) में जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
फिर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण समृद्धि महामार्ग की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है। सड़क विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी तय करने वाले चालकों की थकान, अत्यधिक गति और लापरवाही ऐसे हादसों की प्रमुख वजह बन रही है। स्थानीय नागरिकों ने महामार्ग पर निगरानी बढ़ाने, विश्राम स्थलों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच मेहकर पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाओं के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।












