नागपुर शहर के एक पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 892/25 के तहत गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को प्रेम संबंध का झांसा देकर उसके साथ बार-बार निजी होटल में ले जाकर शारीरिक अत्याचार किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पीड़िता के लिए कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसकी आपत्तिजनक स्थिति में तस्वीरें और वीडियो बनाए, जिनका बाद में दुरुपयोग किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने इन फोटो और वीडियो के आधार पर पीड़िता को लगातार धमकाया और ब्लैकमेल करते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा पीड़िता को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से अत्यंत भयभीत हो गई थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस संबंध में पुलिस उपनिरीक्षक पल्लवी गोसावी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को 30 दिसंबर 2025 को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी की चार दिन की पुलिस हिरासत (पीसीआर) को मंजूरी दी है। इस दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्य सामने लाए जा सकें।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जारी है। डिजिटल सबूतों, होटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









