
नई दिल्ली। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस में सोमवार रात पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक नारे लगाए गए। सुप्रीम कोर्ट में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज होने के बाद साबरमती हॉस्टल के बाहर यह प्रदर्शन किया गया।
जानकारी के मुताबिक यह प्रदर्शन जेएनयू छात्र संघ की तरफ से आयोजित किया गया था। इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। भाजपा ने प्रदर्शन की भाषा को अभद्र बताते हुए इसे अलगाववादी सोच करार दिया है। वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि यह विरोध करने का एक तरीका है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक नारेबाजी के समय जेएनयू छात्र संघ के संयुक्त सचिव दानिश और सचिव सुनील मौके पर मौजूद थे। इसके अलावा, वामपंथी संगठनों से जुड़े कई छात्र भी वहां इकट्ठे थे। पुलिस और प्रशासन ने फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।









