कोहली के नाबाद 75 रन की बदौलत गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया
लोकवाहिनी, संवाददाता:अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्रिकेट जगत में वो कारनामा कर दिखाया जिसका फैंस को सालों से इंतजार था। आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस को धूल चटाकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में बेंगलुरु ने हर डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बादशाहत साबित की और 5 विकेट से मुकाबला जीता। इसी के साथ आरसीबी की टीम आईपीएल में अपने टाइटल को डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 156 रन का टारेट दिया था।
जवाब में विराट कोहली के नाबाद 75 रन की बदौलत बेंगलुरु ने 18 ओवर में 161 रन बनाकर टारेट हासिल कर लिया। विराट कोहली और जितेश शर्मा नॉट आउट रहे। वेंकटेश अय्यर 32, देवदत्त पडिक्कल 1, रजत पाटीदार 15, क्रुणाल पंड्या 1 और टिम डेविड 24 रन बनाकर आउट हुए। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गुजरात ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। टीम के लिए सुंदर ने नाबाद 50 रन की पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल (12) और साई सुदर्शन (10) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद निशांत सिंधु (20), जोस बटलर (19), अरशद खान (15) और राहुल तेवतिया (7) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। बेंगलुरु के लिए रसिक सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट चटकाए।
विराट कोहली ने फाइनल में सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल फाइनल में कोहली का सबसे तेज अर्धशतक है। कोहली ने अरशद की शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेला, जो शॉर्ट मिडविकेट के फील्डर के बाईं ओर से बाउंड्री के पार चला गया। पचासा पूरा करने के बाद कोहली ने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। इससे पहले राशिद खान ने एक ही ओवर में दो विकेट ले लिए। नौवें ओवर में उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए और दो विकेट झटककर गुजरात की मुकाबले में वापसी कराई। पहले राशिद ने कप्तान रजत पाटीदार (15) को लॉन्ग-ऑन पर कैच कराया, फिर क्रुणाल पंड्या (1) को पगबाध आउट कर दिया। आरसीबी ने पावरप्ले में 2 विकेट पर 70 रन बनाए। शुरुआती ओवर में मोहम्मद सिराज ने स्विंग के साथ कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन इसके बाद विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने आक्रामक रुख अपनाया। रबाडा के एक ओवर में अय्यर ने 18 रन और दूसरे ओवर में कोहली ने 19 रन बटोर लिए। आरसीबी ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली, लेकिन सिराज ने उनका विकेट लेकर गुजरात को राहत दिलाई। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी रबाडा का शिकार बने। हालांकि कोहली ने पावरप्ले की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर आरसीबी को 70 रन तक पहुंचा दिया।
सूर्यवंशी को ऑरेंज कैप
सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 776 रन बनाए हैं, जो इस सीजन किसी भी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा रन हैं। सूर्यवंशी के बाद गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) बनाए हैं।













