व्हाट्सएप पर भेजा धमकी भरा संदेश
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। सक्करदरा थाना क्षेत्र में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष को व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजकर एक करोड़ रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजनीतिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी ने कांग्रेस नेताओं को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी देते हुए आर्थिक सहायता मांगी है। साथ ही रकम नहीं मिलने पर भाजपा नेताओं के परिवार और बच्चों को निशाना बनाने की चेतावनी भी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दत्तात्रय नगर स्थित वसीम पैलेस निवासी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जमाल अववरूल हक सिद्दीकी को 27 मई की शाम एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने दावा किया कि वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बम विस्फोट के जरिए मारना चाहता है और इसके लिए 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की आर्थिक मदद की मांग की। आरोपी ने संदेश में चेतावनी दी कि यदि समय पर रकम नहीं मिली तो भाजपा नेताओं के परिवार और बच्चों को नुकसान पहुंचाया जाएगा। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता जमाल सिद्दीकी और उनके परिजनों को गोली मारने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि यही संदेश पार्टी की ईमेल आईडी पर भी भेजा गया था।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सक्करदरा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस धमकी भेजने वाले अज्ञात आरोपी की पहचान करने और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए संदेश भेजने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।













