ईरान पर हमले का शक, कोई हताहत नहीं
तेल अवीव/तेहरान: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबु धाबी में न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर पर ड्रोन से हमला किया गया। अल धफरा इलाके में स्थित बराकाह न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट के बाहर ड्रोन हमले के बाद एक बिजली जनरेटर में आग लग गई। अबु धाबी मीडिया ऑफिस के मुताबिक इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। साथ ही न्यूक्लियर प्लांट की सुरक्षा और रेडिएशन स्तर पर भी कोई असर नहीं पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, प्लांट की सभी जरूरी मशीनें और सिस्टम सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं। हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन या देश ने नहीं ली है, लेकिन ईरान पर शक जताया जा रहा है। हाल के दिनों में ईरान लगातार यूएई को धमकी देता रहा है। युद्ध के दौरान यूएई में इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम और अमेरिकी सैनिक मौजूद थे।
20 हजार टन एलपीजी लेकर गुजरात पहुंचा टैंकर
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के माहौल और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं के बीच भारत के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री रास्ते ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को सफलतापूर्वक पार कर टैंकर ‘सिमी’ 20,000 टन एलपीजी लेकर गुजरात के कांडला बंदरगाह पहुंच गया है।
ईरान वार्ता में अमेरिका की 5 बड़ी शर्तें, बढ़ा तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में अब नई शर्तों को लेकर तनाव बढ़ गया है। ईरानी समाचार एजेंसी फर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने वार्ता के दौरान ईरान के सामने पांच बड़ी शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ने पहले लगाए गए प्रतिबंधों और नीतियों से हुए नुकसान के लिए ईरान को किसी तरह का मुआवजा देने से साफ इनकार कर दिया है।











