खाटू श्यामजी के दर्शन कर राजस्थान से धुले लौटते समय कोटा में भीषण हादसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
धुले/ कोटा। राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास धुले के श्रद्धालुओं के वाहन का भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राजस्थान के कोटा में खाटू श्यामजी के दर्शन कर धुले जिले लौटते समय श्रद्धालुओं का वाहन हाईवे पर खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गया। धुले जिला आपदा नियंत्रण कक्ष की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 16 लोग सवार थे। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन का पंजीकरण क्रमांक एमएच 18 सीएल 3005 है। सभी श्रद्धालु खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हुआ। वाहन में धुले जिले के यात्री सवार थे। हादसे में मारे गए 9 लोगों के शव कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं। वहीं, घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वालों में सजन दौलत पवार, उषाबाई सजन पवार, माधवी गणेश पवार, साऊ गणेश पवार, कैलास भगवान पवार, अनिता कैलास पवार, जानवी कैलास पवार, बाबूलाल दौलत पवार और सुशीलाबाई बाबूलाल पवार शामिल है, मृत सभी लोग धुले के निवासी थे।
गुजरात में दो सड़क हादसों में 10 मौतें
गुजरात में शनिवार देर रात और रविवार सुबह दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की टक्कर में 7 लोगों की जान चली गई। हादसा इतना भयानक था कि कार दो हिस्सों में बंट गई। दूसरा हादसा केशोद-बालागाम रोड पर हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में सवार चार में से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई।













