चुलबंद नदी पर भूगांव-विहिरगांव पुलनुमा बांध से खेती को मिली संजीवनी महज 4.5 करोड़ रुपये में जल भंडारण और सिंचाई का नया रास्ता
लोकवाहिनी, संवाददाता
भंडारा। राज्य में सूखे की स्थिति का संकट गहराता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, जल संरक्षण के छोटे, लेकिन दूरदर्शी कार्यों से किसानों को राहत देने की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। भंडारा जिले में चुलबंद नदी पर बनकर तैयार हुआ भूगांव-विहिरगांव पुलनुमा बांध इसका बेहतरीन उदाहरण है। महज साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से 593 टीसीएम जल भंडारण होने के साथ ही लगभग 299 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के दायरे में लाने की क्षमता विकसित हुई है। जल संरक्षण विभाग के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता अनंत जगताप की दूरदृष्टि से साकार हुई इस अभिनव परियोजना का लाभ अब प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देने लगा है।
चुलबंद नदी पर बने भूगांव-विहिरगांव पुलनुमा बांध की लंबाई 168 मीटर है। इस बांध में नदी के प्रवाह को नियंत्रित कर पानी रोकने की व्यवस्था की गई है, जिससे नदी के पात्र में बड़े पैमाने पर जल भंडारण करने में मदद मिलेगी। इस बांध में 3.00 मीटर ऊंचाई वाले लोहे के गेट लगाए जाने के बाद चुलबंद नदी के पात्र में लगभग 6 से 7 किलोमीटर तक पानी जमा रहेगा। इससे भूजल स्तर बढ़ाने, आसपास के कुओं में पानी उपलब्ध कराने और सिंचाई के लिए आवश्यक जल स्रोत तैयार करने में मदद मिलेगी।
सूखे के समय पानी का महत्व केवल पीने तक सीमित नहीं रहता। किसानों के लिए पानी का अर्थ फसल, फसल का अर्थ आमदनी और आमदनी का अर्थ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। ऐसी स्थिति में नदी पर बनाए जाने वाले इस तरह के छोटे बांध केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक जीवन को सहारा देने वाला निवेश साबित होते हैं।
भूगांव-विहिरगांव पुलनुमा बांध की खासियत यह है कि पारंपरिक तरीकों की तुलना में कम लागत में बड़े पैमाने पर जल संरक्षण का लाभ उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित हुई है। बड़ी-बड़ी जल परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण की इन परियोजनाओं के महत्व को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रत्येक नदी, नाले और पानी के प्राकृतिक प्रवाह का अध्ययन कर उपयुक्त स्थानों पर बांध बनाए जाएं, तो बारिश का पानी बहकर बर्बाद होने के बजाय स्थानीय स्तर पर संग्रहित किया जा सकता है।
भूगांव-विहिरगांव बांध के माध्यम से इसी अवधारणा को धरातल पर उतारा गया है। तत्कालीन कार्यकारी अभियंता अनंत जगताप ने तीन वर्ष पहले इस परियोजना की नींव रखी थी। नियोजन, तकनीकी अध्ययन और प्रत्यक्ष कार्य के माध्यम से इस परियोजना को पूरा किया गया। अब उम्मीद है कि इससे आसपास के किसानों और गांवों को लाभ मिलेगा।
भूगांव-विहिरगांव बांध का काम सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद चुलबंद नदी पर जल संरक्षण की श्रृंखला में दो और महत्वपूर्ण परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। तई से जैतपुर पुलनुमा बांध का लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद 479 टीसीएम जल भंडारण की क्षमता विकसित होगी और लगभग 240 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई के दायरे में लाने का लक्ष्य है। इससे आसपास के खेतों को पानी का एक अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध होगा।
इसी तरह पालांदुर से दिघोरी बांध के निर्माण कार्य की भी शुरुआत हो रही है। इस बांध में 1,066 टीसीएम जल भंडारण की क्षमता होगी और लगभग 389 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा।














